Nikaah DJ

फैक्ट चेकः निकाह में DJ बंद करने की अपील करते मुस्लिमों का वीडियो सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कुछ मुस्लिम युवक एक जगह पर डीजे बंद करने को लेकर बातचीत कर रहे हैं। इस वीडियो को कई यूजर्स द्वारा सांप्रदायिक एंगल देते हुए शेयर किया गया है। यूजर्स का दावा है कि एक हिन्दू परिवार के यहां शादी के दौरान डीजे को बंद करवाने के लिए मुस्लिम युवक पहुंचे थे।

वीडियो को शेयर करते हुए PRARTHANA SINGH नामक यूजर ने लिखा, ‘हद कर दिए, नमाजी बहुच गए हिन्दू शादी में गाना बजाना रोकवाने. जब इतना ही हराम है खाना बजाना ,तो जाओ उन मुस्लिम फ़िल्मी सितारों को रोको,गायकों को रोको,,दम है तो उन लोगो को रोक के दिखाओ. इन बेचारे के शादी की बर्बादी करने क्यों पहुँच गए।’

लिंक

वहीं Snatani Nadeem नामक एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘जहाँ हमारी आबादी बढ़ी वहाँ शरीयत लागू, हमारी हिम्मत देखिए हम खुले आम हिंदुओं की शादी में DJ बंद करवा सकते है क्या किसी हिंदू में दम है की अजान बंद करवा सके ? ये है दिन और ईमान की ताक़त वल्लाह हूँ आलम’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा इस वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। दरअसल ये मामला मुस्लिम समुदाय का ही है। वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो tabligi_shan नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 28 मार्च को पोस्ट मिला। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी वाले घर पहुंचते ही मुस्लिम युवकों ने सलमान नामक एक शख्स से हाल-चाल पूछा जाता है, इसके बाद डीजे बंद करने की अपील की जाती है।

जांच के दौरान हमने यह भी पाया कि इस इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक और वीडियो पोस्ट की गई है, जिसमें इस घटना का पूरा विवरण डाला गया है। इस वीडियो में बताया गया है कि यह मामला अलीगढ़ जिले के शाहजमाल इलाके के गली नंबर-5 का है। जिस घर पर डीजे बंद करवाने के लिए लोग गए थे, वह मुस्लिम परिवार है और मोहम्मद शाहनवाज पुत्र छोटे खान का निकाह था।

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने Tabligi Shan नामक फेसबुक पेज पर उपलब्ध फोन नंबर पर संपर्क किया। शान मोहम्मद ने हमें बताया कि उनका जागरुकता का काम सिर्फ मुस्लिम परिवारों तक ही रहता है। उन्होंने वायरल वीडियो के संदर्भ में बताया कि जिस घर पर डीजे को बंद करने की अपील करने लोग गए थे, वह मुस्लिम परिवार ही है। शाहजमाल के गली नंबर-5 में छोटे खान के बेटे मोहम्मद शाहनवाज की शादी थी।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कोई सांप्रदायिक मामला नहीं है। मुस्लिम युवकों ने डीजे बंद करने की अपील मुस्लिम परिवार से की थी, जिसे हिन्दू परिवार बताकर भ्रामक दावा किया गया है।