सोशल मीडिया पर एक महिला का वीडियो इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की महिला नेत्री ने स्थानीय निवासियों को बीजेपी को वोट देने या फिर बीजेपी का झंडा लगाने पर आग लगाने की धमकी दी है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘टीएमसी महिला नेत्री ने एक इलाके के निवासियों को चेतावनी दी कि अगर एक भी वोट बीजेपी को गया या किसी ने बीजेपी का झंडा लगाया तो वह सब कुछ आग के हवाले कर देगी। सब कुछ आग लगा देगी पुरे बस्ती में आग लगा देगी सारे सेकुलर और बंगाल पुलिस इस पर चुप है’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को टीएमसी की महिला नेता का बताकर शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है। यह वीडियो वर्ष 2022 का है, जब पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में बीजेपी में टिकट बंटवारे के बीच विवाद को लेकर एक महिला नेत्री बेबी कोले ने स्थानीय लोगों को धमकी दी थी। हमें इस वीडियो के संदर्भ में फरवरी 20222 की News 18 Bangla और ABP Aananda की मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। इन रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बेबी कोले ने टिकट बंटवारे में धांधली का आरोप लगाते था।
ABP Aananda की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘भाजपा नेता ने खुद भाजपा उम्मीदवार को वोट देने से मना किया! खड़गपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 में घटी घटना। भाजपा नेता बेबी कोल ने चेतावनी देते हुए कहा अगर आप भाजपा को वोट देंगे तो नतीजे अच्छे नहीं होंगे।’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं आगे की जांच में हमें वीडियो के संदर्भ में West Bengal Police के आधिकारिक एक्स हैंडल (पूर्व ट्विटर) से एक पोस्ट मिला, जिसमें बताया गया है कि पश्चिम बंगाल में हाल-फिलहाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस ने पोस्ट में बताया है, ‘यह वीडियो 27 फरवरी 2022 की एक घटना से संबंधित है। इसे गलत तरीके से हाल की घटना बताकर फैलाया जा रहा है। इस भ्रामक वीडियो को फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #FakeNewsAlert’
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है। यह वीडियो वर्ष 2022 का है, जब BJP नेता बेबी कोले ने टिकट बंटवारे से नाराज होकर लोगों को धमकी दी थी। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

