सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक हादसे का वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक लड़की को चलती कार से नीचे गिरकर कुछ दूर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को हरियाणा के फरीदाबाद का बताते हुए दावा कर रह हैं कि फरीदाबाद में दुष्कर्म के बाद एक लड़की को चलती कार से फेंककर बदमाश फरार हो गए।
वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘फरीदाबाद में हैवानियत की हदें पार ! दुष्कर्म के बाद लड़की को चलती कार से सड़क पर फेंका’

इसके अलावा इस वीडियो को फरीदाबाद का बताते हुए अन्य कई यूजर्स ने भी शेयर किया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह फरीदाबाद की घटना का वीडियो नहीं है और इस घटना में रेप का मामला भी नहीं है। यह वीडियो ब्राजील का है, जहां पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई थी। हमें इस वीडियो के संदर्भ में ब्राजील की कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। Diário do Amapá की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पुलिस चलती कार से एक महिला के गिरने की घटना की जांच कर रही है। यह घटना 29 मार्च की रात को उत्तरी मकापा में हुई। कार में दंपति के अलावा दो अन्य लोग भी थे, जिसमें पीड़िता का भाई और उसकी भाभी थी। उन सभी ने घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि दंपति के बीच कहासुनी के बाद, महिला ने कहा कि वह कूद जाएगी और पुरुष ने कहा कि वह भी कूद सकता है।’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं सोशल मीडिया पर भी ब्राजील की कई मीडिया संस्थानों और यूजर्स ने 29 और 30 मार्च को इस वीडियो को शेयर कर इस घटना को ब्राजील के उत्तरी मकापा का बताया है। इन सोशल मीडिया पोस्ट को यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
वहीं, आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम फोन करके वीडियो के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने फरीदाबाद में ऐसी किसी घटना के होने से इनकार किया है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो फरीदाबाद का नहीं है। यह वीडियो ब्राजील के उत्तरी मकापा में हुई घटना का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

