सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक जलते हुए घर को देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर का दावा है कि मणिपुर में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के स्टेशन पर उग्रवादी हमला किया गया है। यह भी दावा है कि हमलावरों ने CRPF जवानों की पकड़ी गई गाड़ियों से ही लिटन सारेखोंग के CRPF स्टेशन पर हमला किया है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए Manipur Post नामक यूजर ने लिखा, ‘ब्रेकिंग न्यूज़। खबर है कि मणिपुर के लड़ाकों ने हाईजैक की हुई CRPF गाड़ियों से लिटन सारेखोंग CRPF स्टेशन पर हमला किया। ये गाड़ियां उन्होंने उन जवानों से ज़ब्त की थीं जो बेगुनाह प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाते पकड़े गए थे। उन्होंने इसे भारतीय सेना के खिलाफ जवाबी हमला बताया।’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि लिटन सारेखोंग में CRPF स्टेशन पर हमले का भ्रामक दावा किया गया है। वायरल वीडियो कुकी और तांगखुल नागा के बीच विवाद का है। वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक यूजर द्वारा पोस्ट मिला। इस पोस्ट में यूजर ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कुकी लोगों के घरों में आग लगाए जाने की जानकारी दी थी।
वहीं, आगे की जानकारी के लिए हमारी टीम ने मणिपुर पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन करके घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने हमें बताया कि CRPF स्टेशन पर हमले की घटना नहीं हुई है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि मणिपुर के लिटन सारेखोंग में CRPF स्टेशन पर हमले का भ्रामक दावा किया गया है। दरअसल यह वीडियो कुकी और तांगखुल नागा के बीच विवाद का है। इसलिए यूजर का दावा गलत है।

