Manipur

फैक्ट चेकः मणिपुर में उग्रवादी हमले में 8 भारतीय सैनिकों के मारे जाने का फेक दावा किया गया

Fact Check Featured

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर मणिपुर में भारतीय सेना के काफिले पर उग्रवादी हमले में 8 भारतीय जवानों के मारे जाने और कई जवानों के घायल होने का दावा किया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में आग लगी है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘चीन समर्थित उग्रवादियों ने मणिपुर में भारतीय सेना की गाड़ी को बम से उड़ा दिया, 8 भारतीय सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, और दर्जनों सैनिक घायल बताए गए हैं।’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि मणिपुर में 8 भारतीय जवानों के मारे जाने का दावा पूरी तरह से फेक है। दरअसल वायरल वीडियो किसी उग्रवादी हमले का नहीं है, बल्कि बीएसएफ के खाद्यान्न ले जाने वाले ट्रक में लगी आग का वीडियो है। हमारी टीम को जांच के दौरान रिपब्लिक की एक रिपोर्ट मिली, जिसके साथ जानकारी दी गई है, ‘मणिपुर के सेकमाई में कांगलातोंगबी से सेकमाई होते हुए उखरुल जा रहे बीएसएफ सुरक्षा काफिले के एक वाहन में आग लग गई। भीषण आग के कारण गैस सिलेंडर और गोला-बारूद में विस्फोट हो गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों का मानना ​​है कि आग लगने का कारण कोई तकनीकी खराबी थी। बीएसएफ कर्मियों के अनुसार, ट्रक में रसोई और भोजन सामग्री, जिनमें गैस सिलेंडर भी शामिल था। आग तेज होने पर और अत्यधिक गर्मी और दबाव के कारण सिलेंडर फट गए, जिससे लपटें और भी बढ़ गईं।’

लिंक

इसके अलावा हमें इस घटना का यूट्यूब पर एक वीडियो भी मिला, जिसमें इसे बीएसएफ के ट्रक में आग लगने की घटना का बताया गया है।

वहीं, हमें आधिकारिक तौर ऐसा कोई बयान या मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें भारतीय सेना के काफिले पर उग्रवादी हमले में 8 जवानों के मारे जाने की बात कही गई हो।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर मणिपुर में भारतीय सेना के काफिले पर उग्रवादी हमले में 8 भारतीय जवानों के मारे जाने और कई जवानों के घायल होने का फेक दावा किया गया है। वायरल वीडियो BSF के खाद्यान्न लदे ट्रक में आग लगने की घटना का है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।