फैक्ट चेकः अबुधाबी प्रिंस अल-नहयान की एडिटेड तस्वीर को एपस्टीन फाइल से जोड़कर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Fake Featured

सोशल मीडिया पर दो महिलाओं के साथ दिखाई दे रहे एक शख्स की तस्वीर को अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान का बताकर शेयर किया जा रहा है। इसके साथ यह भी दावा किया जा रहा है कि वायरल तस्वीर अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की फाइल्स से जुड़ी हुई है।

फैक्ट चेकः


DFRAC की विस्तृत जांच में पाया गया कि वायरल तस्वीर एडिटेड है और यह अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान की नहीं है। इस तस्वीर का एपस्टीन फाइल से भी कोई संबंध नहीं है। हमने सबसे पहले वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। इस सर्च में हमें तस्वीर से मिलती-जुलती एक फोटो hesport.com की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह तस्वीर मोरक्को की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम और फुटबॉलर मरुआन शमाख से जुड़ी एक घटना से संबंधित है। आगे की जांच में हमें यही तस्वीर “Save Moroccan” नामक एक फेसबुक यूज़र की प्रोफाइल पर भी मिली, जहां इसे मोरक्को के फुटबॉल के संदर्भ में शेयर किया गया था। इससे यह स्पष्ट होता है कि वायरल तस्वीर का यूएई के क्राउन प्रिंस से कोई संबंध नहीं है।

इसके बाद DFRAC की टीम ने मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान और जेफरी एपस्टीन फाइल्स को लेकर अलग-अलग कीवर्ड्स सर्च किया। इस दौरान हमें मिडिल-ईस्ट आई की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें यह उल्लेख है कि जेफरी एपस्टीन ने सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या के बाद निजी बातचीत में यूएई के शासक मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान का नाम लेते हुए यह आशंका जताई थी कि सऊदी क्राउन प्रिंस को फंसाया जा सकता है। हालांकि, इस रिपोर्ट में कहीं भी वायरल तस्वीर का उल्लेख नहीं है और न ही यह कहा गया है कि ऐसी कोई तस्वीर एपस्टीन फाइल्स का हिस्सा है।

निष्कर्षः


DFRAC के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट होता है कि वायरल तस्वीर में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान नहीं है। साथ ही, इस तस्वीर का जेफरी एपस्टीन फाइल्स से भी कोई संबंध नहीं हैं | तस्वीर को गलत पहचान और भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इसलिए यूज़र्स का दावा गलत है।