फैक्ट चेकः कांग्रेस के मंच पर एक नेता को राष्ट्रगान गाने से रोके जाने का वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया

Fact Check hi Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट और सांसद शशि थरूर मौजूद है| तभी मंच पर एक व्यक्ति राष्ट्रगान गाने लगता है, जिसे दूसरे व्यक्ति द्वारा रोक दिया जाता है | वीडियो पर टेक्स्ट लिखा है ” तेरी हिम्मत कैसे पड़ी कांग्रेस की मीटिंग में राष्ट्रगान गाने की, क्या ऐसे कांग्रेस को वोट देंगे जो राष्ट्रगान को रोकता है |”

फैक्ट चेकः

DFRAC की जाँच में पाया गया कि यह वीडियो आधा अधूरा है, जबकि पूरे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति को गलत राष्ट्रगान गाने की वजह से रोका जाता है, फिर एक महिला सही तरीके से पूरा राष्ट्रगान गाती है| जाँच में हमें India TV की 1 मार्च 2024 की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें इस पूरे वीडियो को देखा जा सकता है। इंडिया टीवी की रिपोर्ट में बताया गया है, “थरूर और पायलट शहर में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल हुए थे और गुरुवार (29 फरवरी) को जब यह घटना हुई, तब वे मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस के ज़िलाअध्यक्ष पी. रवि ने राष्ट्रीय गान गलत तरीके से गाना शुरू कर दिया। उन्हें तुरंत रोक दिया गया, जिसके बाद एक अन्य महिला ने शुरू से राष्ट्रीय गान गाया।”

हमने इस वीडियो के बारे में कुछ कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें India Today तथा ANI की भी रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें बताया गया है कि यह वीडियो कांग्रेस के कार्यक्रम ‘समराग्नि’ के समापन के दौरान का है, जो तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया गया था। इस दौरान तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पी रवि राष्ट्रगान गाने के लिए आगे आते हैं, लेकिन वह राष्ट्रगान को गलत तरीके से गाने लगते हैं। इसके बाद कांग्रेस विधायक टी. सिद्दीक उन्हें रोक देते हैं और फिर एक महिला आगे आती है और फिर सही तरीके से राष्ट्रगान गाया जाता है। इस वीडियो को सामने आने के बाद बीजेपी नेता RS Rajeev ने कांग्रेस नेता पालोडे रवि पर FIR दर्ज कराया था।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है। ओरिजिनल वीडियो में देखा जा सकता है कि गलत तरीके से राष्ट्रगान गाने वाले व्यक्ति को रोका गया था, इसके बाद एक महिला ने सही से राष्ट्रगान गाया था। इसलिए सोशल मीडिया पर किया गया दावा भ्रामक है।