सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक दुल्हन अपनी शादी से 2 घंटे पहले अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलने पहुंचती है। इस पूरी कहानी को कार में बैठा उसका दोस्त बताता है। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर रिश्तों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘इस वायरल वीडियो में यह दुल्हन अपनी शादी से ठीक 2 घंटे पहले अपने पूर्व प्रेमी से मिलने पहुंच गई। इस वीडियो ने शादी के बाद भी अतीत के रिश्तों में जुड़े रहने के मुद्दे पर बहस छेड़ दी है। अभी के 70% लड़के या लड़की इसी एकमात्र वजह से शादी करने में विश्वास नहीं कर रहे हैं।’

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘उसकी शादी होने वाली है, फिर भी वह अपने एक्स बॉयफ्रेंड से मिलने गई। समाज में ऐसे कई मामले हैं जहाँ लड़कियाँ शादी से पहले अपने एक्स से मिलती हैं और कुछ तो शादी के बाद भी मिलती हैं। बीता हुआ कल हमेशा मायने रखता है।’ (हिन्दी अनुवाद)

इसके अलावा वायरल वीडियो के आधार पर कई मीडिया संस्थानों ने भी खबर प्रकाशित की है, जिसमें न्यूज-18 हिन्दी, नवभारत टाइम्स और एबीपी न्यूज सहित कई मीडिया संस्थान शामिल हैं।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि इसे इंस्टाग्राम पर आरव माही (chalte_phirte098) नामक यूजर द्वारा पोस्ट किया गया है। इसके अलावा इस वीडियो को आरव माही ने अपने यूट्यूब चैनल पर भी पोस्ट किया है। आरव ने यूट्यूब पर एक डिस्क्लेमर दिया है, ‘दिल टूटने के दर्द को यादगार कहानियों में बदलना… हर टूटे हुए दिल की एक कहानी होती है। अपनी कहानी मेरे साथ शेयर करें!’ (हिन्दी अनुवाद)
वहीं हमें आरव माही के इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए एक अन्य वीडियो भी मिला। इस वीडियो में आरव बताता है कि वायरल वीडियो उसने ही बनाई है। आगे आरव ने यह भी बताया कि वह लोगों द्वारा शेयर की गई कहानियों में कुछ का चुनाव करके उन पर वीडियो बनाता है। इस पोस्ट के कैप्शन में आरव ने लिखा, ‘यह कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। यह सिर्फ़ जागरूकता फैलाने और लोगों के दिलों को छूने के लिए है।’ (हिन्दी अनुवाद)
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि मीडिया और सोशल मीडिया पर शादी से 2 घंटे पहले प्रेमी से मिलने पहुंची दुल्हन का शेयर किया गया वीडियो स्क्रिप्टेड है।

