समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो के साथ दावा है कि अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गाय का सेवन करने की बात कही है।
इस वीडियो के साथ एक यूजर ने लिखा, ‘गाय का सेवन करें अखिलेश यादव इसका सर्वनाश निश्चित हैं, इसमें दो राय नहीं हैं। अब अखिलेश यादव को मानने वाले यादव भी गाय का सेवन करेंगे। पूरे यादव समाज को बहुत बहुत बधाई हो अब आप सभी मुसलमान बनने के लिए तैयार है। डिंपल भाभी एक दो गाली आप भी देना चाहे तो अपने पति को दे सकती है। हमारा पूरा समर्थन आपके साथ है। नहीं तो आप भी प्लेट लेकर तैयार रहे गाय का सेवन करने के लिए। आप तो मां हो आपको तो मां का दर्द भी पता होगा और बच्चों का दर्द भी… आप चुप कैसे रह सकती है ?’

अखिलेश यादव के इस वीडियो को फेसबुक पर भी कई यूजर्स द्वारा ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच में पाया कि अखिलेश यादव ने गाय का सेवन करने की बात नहीं कही है। उनके बयान को गलत संदर्भ में पोस्ट किया जा रहा है। अखिलेश यादव का पूरा बयान हमें Live Hindustan के यूट्यूब चैनल पर 15 अक्टूबर 2025 को पोस्ट मिला।
इस वीडियो के टाइमस्टैंप 14:20 मिनट से 15:52 मिनट के ड्यूरेशन में पूरा बयान सुना जा सकता है। यहां देखा जा सकता है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने अखिलेश यादव से गाय पर्यटन (Cow Tourism) पर सवाल पूछा, जिसके जवाब में वह कहते हैं, ‘अभी जो मुझे सूची मिली है, काउ टूरिज्म का बाद में कर लेना। लगभग 43 एक्सीडेंट लिखकर दिए हैं हमारे एक विधायक ने। जिसमें बड़े पैमाने पर लोग घायल हुए हैं। गंभीर रुप से घायल हैं। कुछ लोगों की जान भी गई है। और Cow का रिश्ता सांड से क्या होगा? सांड से रिश्ता क्या है Cow का? Cow का टूरिज्म कराएं, Cow की सेवा करें, Cow की पूजा करें, Cow की और चीजों का सेवन करें। हमें कोई आपत्ति नहीं उसमें। लेकिन कम से कम उत्तर प्रदेश को सांड से तो बचाओ। सांड सरकार हटे।’
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के बयान को गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। उन्होंने गाय का सेवन करने की बात नहीं कही है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

