BJP and TRS

फैक्ट चेकः तेलंगाना में 2022 में BJP और TRS कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का वीडियो बिहार का बताकर वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ी हुई है। चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर की प्रक्रिया भी की जा रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ द्वारा दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की जा रही है। यूजर्स इस वीडियो को बिहार का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।

राजेंद्र राज नामक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं को पब्लिक ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा! वीडियो बिहार का बताया जा रहा है।’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स भी इस वीडियो को बिहार में बीजेपी कार्यकर्ताओं की जनता द्वारा पिटाई किए जाने का बताकर शेयर कर रहे हैं। जिसे यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच करने पाया कि यह बिहार का वीडियो नहीं है और यह हाल-फिलहाल की घटना का भी वीडियो नहीं है। यह फरवरी 2022 में तेलंगाना में बीजेपी और टीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का वीडियो है। NTV Telugu की 9 फरवरी 2022 की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि जनगांव में टीआरएस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

वहीं आगे की जांच करने पर हमें द हिन्दू की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जनगांव जिला मुख्यालय पर टीआरएस और भाजपा नेता झंडों और लाठियों से भिड़ गए और टीआरएस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं का पीछा किया। पुलिस को दोनों पक्षों के प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल यह विवाद प्रधानमंत्री मोदी की उस टिप्पणी पर हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि आंध्र प्रदेश का विभाजन उचित तरीके से नहीं हुआ था। पीएम मोदी की इस टिप्पणी के बाद टीआरएस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बिहार का नहीं है। यह वीडियो तेलंगाना में फरवरी 2022 में बीजेपी और टीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।