भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार फरवरी में रिटायर हो गए थे। उनके चुनाव आयुक्त रहते ही साल 2024 में देश के लोकसभा चुनाव हुए थे। इस बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि पूर्व सीईसी राजीव कुमार ने देश छोड़कर माल्टा में शरण ले ली है।
इस दावे के साथ एक यूजर ने लिखा, ‘फरार! आख़िरी बार हवाई अड्डे पर माल्टा देश की उड़ान में चढ़ते देखा गया। मुख्य चुनाव आयुक्त रहते हुए भाजपा से पैसे ले कर लोकसभा चुनाव लुटवाया। नाम-राजीव कुमार उर्फ़ घटिया शायर’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स भी राजीव कुमार के माल्टा में बसने की फेक न्यूज शेयर कर रहे हैं, जिसे यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच के लिए गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें इसके संदर्भ में न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक खबर मिली, जिसमें राजीव कुमार के करीबियों के हवाले से बताया गया है कि वह देश में ही हैं और उनके माल्टा में बसने की खबर गलत है।

आगे की जांच में हमें दैनिक जागरण की एक न्यूज मिली, जिसमें राजीव कुमार के बारे में बताया गया है कि वह दिल्ली में अपने सरकारी आवास पर ही हैं। इस रिपोर्ट में लिखा गया है, ‘उन्होंने इन अफवाहों पर सफाई देने से इनकार करते हुए कहा कि कुछ लोग गंदगी फैला रहे हैं। चुनाव आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।’

निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का भारत छोड़कर माल्टा में शरण लेने का फेक दावा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजीव कुमार भारत में ही हैं।

