RSS in Balochistan

फैक्ट चेकः सूरत में तिरंगा यात्रा के वीडियो को बलूचिस्तान में RSS के पथ संचलन का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस दावे के साथ वायरल हो रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पथ संचलन किया। यूजर्स इस वीडियो को इसी दावे के साथ जमकर शेयर कर रहे हैं।

दिलीप कुमार सिंह नामक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘बलूचिस्तान में आरएसएस का पद संचलन आपने नाम सुना होगा RSS राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ये आजकल बलूचिस्तान में एक्टिवेट हो गया है देखिये’

लिंक

वहीं इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी शेयर किया गया है। जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की गहनता से जांच की। हमने पाया कि म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट ड्रम पर SAIFEE SCOUT SURAT लिखा है। जिससे यह साफ होता है कि यह सूरत का वीडियो है। वहीं आगे की जांच में हमने पाया कि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ ऑपरेशन सिंदूर और तिरंगा यात्रा के पोस्ट लगे हैं।

आगे की जांच में सैफी स्काउट सूरत का इंस्टाग्राम पेज मिला। इस पेज पर हमें वायरल वीडियो मिला, जिसके साथ जानकारी दी गई है, ‘सूरत में तिरंगा यात्रा रोमांचक थी, और सूरत दाऊदी बोहरा बैंड ने अपने संगीत से इसे और भी बेहतर बना दिया। उनके गीत उस दिन की गौरवपूर्ण भावना से मेल खाते थे। यह देखना और सुनना बहुत अच्छा था!’

वहीं हमारी टीम ने वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट कर इसे गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस वीडियो के साथ जानकारी मिली कि यह वीडियो गुजरात के सूरत में बोहरा मुस्लिम समुदाय द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद निकाले गए तिरंगा यात्रा का है।

लिंक

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बलूचिस्तान में आरएसएस के पथ संचलन का नहीं है। यह वीडियो गुजरात के सूरत में निकाली गई तिरंगा यात्रा का है। इसलिए सोशल मीडिया यूजर्स का दावा भ्रामक है।