उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ओवैसी को मोबाइल फोन पर बात करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के हवाले से दावा किया जा रहा है कि यूपी चुनाव को लेकर ओवैसी के पास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फोन आया था।

Source: Facebook
सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर यूजर हरेलाल यादव ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि “प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही ओवैसी के पास आया गृह मंत्री अमित शाह का फोन। मामला यूपी चुनाव से जुड़े होने का है, ओवैसी और चंद्रशेखर रावण की पार्टी के बीच हाल ही में चुनावी गठबंधन हुआ है। भाजपा के इशारे पर इन दोनों का एक ही मकशद है, यूपी में PDA (अखिलेश) की हार और भाजपा की जीत। इस वीडियो में अमित शाह को कैसे सर सर कह अपनी सहमति जाता रहा है ओवैसी.. इनकी राजनीति भाजपा के इर्द गिर्द की है, और ये उसी के लिए काम भी करते हैं।यूपी में लग रहा है भाजपा चारो खाने चित होगी…”
फैक्ट चेक:

Source: Youtube
वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की जांच के लिए DFRAC ने वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान हमें मूल वीडियो यूट्यूब पर मिला। 26 अप्रेल 2025 को यूजर Political Panchayat द्वारा वीडियो को शेयर कर केप्शन देते हुए लिखा कि “Pahalgam हमले के बाद AIMIM चीफ Asaduddin Owaisi के पास गृह मंत्री Amit Shah का आया फोन | #srinagar”

आगे की जांच में हमें इस सबंध में हमें न्यूज़ एजेंसी एएनआई की भी एक रिपोर्ट मिली। 24 अप्रेल 2025 को पब्लिश हुई इस रिपोर्ट के अनुसार, ओवैसी ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें बैठक में आने के लिए आमंत्रित किया है, और वे वहाँ पहुँचने के लिए सबसे जल्दी मिलने वाला टिकट बुक करेंगे। “यह सर्वदलीय बैठक जिस वजह से बुलाई गई है, वह राष्ट्रीय महत्व का विषय है। गृह मंत्री ने अभी मुझे फोन किया और पूछा कि मैं कहाँ हूँ। उन्होंने मुझे आने के लिए कहा है।” ओवैसी ने कहा, “मैं सबसे जल्दी मिलने वाला टिकट बुक करूँगा और (दिल्ली में) सर्वदलीय बैठक में पहुँच जाऊँगा।”

इसके साथ ही हमें 24 अप्रेल 2025 को पब्लिश टाईम्स ऑफ इंडिया की भी एक अन्य रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के व्यक्तिगत निमंत्रण पर, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पहलगाम आतंकी हमले को लेकर संसद में होने वाली सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, ओवैसी ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें फोन करके पूछा कि वे कहाँ हैं और उनसे बैठक में शामिल होने का आग्रह किया। ओवैसी ने कहा, “गृह मंत्री का फोन आया था और उन्होंने पूछा कि मैं कहाँ हूँ। उन्होंने मुझसे बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया, जो राष्ट्रीय महत्व के एक मुद्दे पर आयोजित की जा रही है। मैं जल्द से जल्द उपलब्ध टिकट बुक करके दिल्ली के लिए निकलूँगा।”

इसके अलावा हमें ईटीवी भारत की भी एक अन्य रिपोर्ट मिली। 24 अप्रेल 2025 को पब्लिश इस रिपोर्ट के अनुसार, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें पहलगाम आतंकी हमले पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया है। मंगलवार को हुए इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। उन्होंने कहा, “गृह मंत्री ने मुझे फोन करके आने के लिए कहा है। मैं टिकट बुक करूंगा और दिल्ली पहुंचूंगा।” इससे पहले ओवैसी इस बात से नाराज थे कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें बैठक का न्योता नहीं दिया था, क्योंकि उनकी पार्टी से संसद में केवल एक ही सांसद है।
अंत में, वायरल वीडियो के संबंध में DFRAC ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रवक्ता शादाब चौहान से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पहले से ही सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है और इसकी हकीकत आम जनता को पता है। उन्होंने आगे कहा कि AIMIM की बढ़ती लोकप्रियता और सामाजिक परिवर्तन के कारण असदुद्दीन ओवैसी को निशाना बनाया जा रहा है।”
निष्कर्ष:
DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट होता है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा यूपी चुनाव को लेकर अमित शाह द्वारा असदुद्दीन ओवैसी को फोन किए जाने का दावा भ्रामक है। दरअसल, यह वीडियो अप्रैल 2025 का है, जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओवैसी को सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के लिए फोन किया था। इस फोन कॉल का उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव या AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच हुए गठबंधन से कोई संबंध नहीं है।
| Claim Review | यूपी चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी के पास आया अमित शाह का फोन? |
| Claim By | सोशल मीडिया यूज़र्स |
| Fact Check | भ्रामक दावा |
Sources: (Fact Check)
- यूट्यूब पर Political Panchayat द्वारा शेयर किया गया मूल वीडियो
- न्यूज़ एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट
- टाईम्स ऑफ इंडिया की न्यूज़ रिपोर्ट
- ईटीवी भारत की न्यूज़ रिपोर्ट
- AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान से DFRAC की बातचीत
