Rekha Mallick

फैक्ट चेकः पश्चिम बंगाल में महिला पर अंडे फेंके जाने की घटना यूपी का बताकर वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला पर अंडे फेंके जा रहे हैं। यूजर्स इस वीडियो को उत्तर प्रदेश में एक दलित महिला शिक्षिका पर धार्मिक नारे लगाते हुए अंडे फेंके जाने की घटना का बताकर शेयर कर रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए India With Congress नामक यूजर ने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘एक दलित महिला शिक्षिका और डिप्टी हेड, श्रीमती रेखा मल्लिक जी पर ‘जय श्री राम’ के नारों के बीच संघियों ने अंडों से हमला किया। बीजेपी की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति का यही सच है… योगी बाबा, अब बुलडोज़र कहाँ है? यही बीजेपी की असलियत है। वे महिला-विरोधी और दलित-विरोधी हैं।’

लिंक

Atul Londhe Patil नामक यूजर ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘खबर रामराज से जय श्री राम बोलकर दलित महिला शिक्षिका पर फेके अंडे ….’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को उत्तर प्रदेश की घटना का बताते हुए शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश में दलित महिला शिक्षिका पर अंडे फेंके जाने की घटना का नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की घटना का है, जहां माटीगारा ग्राम पंचायत-1 की दलित महिला उप-प्रधान रेखा मल्लिक पर अंडे फेंके जाने की घटना हुई थी। वहीं, Khabar Aajkal siliguri के पत्रकार अमरनाथ साह ने DFRAC से बात करते हुए वायरल दावे का खंडन किया है और उन्होंने बताया कि यह घटना सिलीगुड़ी की है।

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया, फिर उन्हें गूगल लेंस की मदद से अलग-अलग रिवर्स सर्च किया। हमें इस घटना की कवरेज Khabar Aajkal siliguri पर मिली। इस वीडियो में उप-प्रधान रेखा मल्लिक का बयान भी है। रेखा मल्लिक बताती हैं कि माटीगारा ग्राम पंचायत कार्यालय में जनरल बॉडी मीटिंग थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां घुस आए और उन लोगों ने जबरदस्ती इस्तीफा देने का दबाव बनाया, इस्तीफा नहीं देने पर अंडे फेंके गए। रेखा ने कहा कि जब से इन लोगों की सरकार आई है, तब से जबरदस्ती इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी वीडियो में वह आगे कहती हैं कि अंडा फेंकने वाले उनके मनोबल को तोड़ नहीं पाएंगे और वो जनता का काम करती रहेंगी। आगे उन्होंने खुद को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मानने वाली बताया है।

लिंक

वहीं, हमें यही वीडियो Siliguri Live – শিলিগুড়ি লাইভ  फेसबुक पेज पर भी मिला, जिसमें इस घटना के संदर्भ में बंगाली भाषा में कैप्शन में लिखा गया है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘माटीगारा नंबर 1 ग्राम पंचायत की डिप्टी हेड रेखा मल्लिक को ‘एग थेरेपी’ दी गई।’

आगे की जांच के लिए हमने Khabar Aajkal siliguri के पत्रकार अमरनाथ साह से संपर्क किया। अमरनाथ साह ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि यह घटना पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की है, जहां माटीगारा-1 ग्राम पंचायत की उप प्रधान रेखा मल्लिक पर अंडे फेंके गए थे। वहीं हमने Siliguri Live – শিলিগুড়ি লাইভ से भी संपर्क किया। सिलीगुड़ी लाइव की पत्रकार ने भी वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि यह घटना उत्तर प्रदेश की नहीं है, बल्कि पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी का है, जहां माटीगारा ग्राम पंचायत-1 की उप-प्रधान रेखा मल्लिक पर अंडे फेंके जाने की घटना हुई थी। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

Claim ReviewEggs were thrown at a Dalit female teacher in Uttar Pradesh.
Claim BySocial Media Users
Fact checkMisleading

Sources:

  1. Facebook post by Khabar Aajkal siliguri
  2. Facebook post by Siliguri Live – শিলিগুড়ি লাইভ
  3. Khabar Aajkal siliguri Journalist Amarnath Sah Statement to DFRAC
  4. Siliguri Live Journalist Statement to DFRAC