Kangana Ranaut

फैक्ट चेकः क्या Gen-Z पर टिप्पणी के बाद महिलाओं ने कंगना रनौत की पिटाई की? नहीं, यह दावा भ्रामक है

Fact Check hi Featured Misleading Uncategorized

दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों ने पिछले दिनों प्रदर्शन किया था। इस दौरान कई वीडियो/रील्स वायरल हुए थे, जिसमें काफी अपशब्द कहे गए थे। इसी बीच अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत का एक बयान भी काफी सुर्खियों में रहा। छात्रों और जेन-जी के इस प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा और रील्स पर कंगना रनौत ने आपत्ति जताते हुए युवा पीढ़ी को ‘गटर जेनरेशन’ कह दिया था।

अब इसी मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल होने लगा है, जिसमें भीड़ द्वारा एक युवती के साथ धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स दावा कर रहे हैं कि कंगना रनौत की युवाओं पर टिप्पणी के बाद महिलाओं ने उनकी पिटाई कर दी। AYODHYA WALE नामक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘सुनने में आया है कि कंगना रनौत से GEN Z बहुत नाराज चल रहा है. आज कंगना रनौत कही गाड़ी से जा रही थी उसके बाद लड़कियों ने घेर लिया. घेरने के बाद लड़कियों ने कई थप्पड़ मारे है।’

लिंक

वहीं Satpal Yadav Samajwadi Party Noida Vidhan Sabha 61 नामक एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘सुनने मे आ रहा है पब्लिक ने कुटाई कर दिया है कंगना की… भाजपा के सांसदों और विधायकों की कुटाई शुरू हो गई है’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने फैक्ट चेक में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। यह वीडियो कंगना रनौत की पिटाई का नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में टीएमसी नेता कृष्णा दास की बेटी प्रणयिता दास के साथ धक्का-मुक्की का है। वहीं इस वीडियो के बारे में ‘जलपाईगुड़ी न्यूज’ के एडिटर पिनाकी रंजन ने बताया कि वायरल वीडियो को भ्रामक तरीके से कंगना रनौत से जोड़ दिया गया है।

वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले हमारी टीम ने वीडियो को गौर से देखा, हमने पाया कि वीडियो पर JDN न्यूज का लोगो लगा है। जिसके बाद हमने JDN न्यूज के बारे में सर्च किया। हमने पाया कि यह वीडियो Jalpaiguri Digital News के फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया है। इस वीडियो के साथ जानकारी दी गई है, ‘ब्रेकिंग न्यूज़: जलपाईगुड़ी कोतवाली पुलिस स्टेशन में कृष्णा दास की बेटी के पहुँचने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। #KrishnaDas’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं आगे की जांच में हमें इसी घटना के बारे में ANI Bharat के यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो मिला। इस वीडियो के साथ जानकारी दी गई है, ‘पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में टीएमसी नेता कृष्णा दास की बेटी प्रणयिता की कार पर थाने के बाहर अंडे फेंके गए।’

गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें इस घटना के बारे में हमें द टेलीग्राफ ऑनलाइन और मिलेनियम पोस्ट की एक रिपोर्ट मिली। द टेलीग्राफ ऑनलाइन की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘जलपाईगुड़ी जिला परिषद की तृणमूल सदस्य प्रणयिता दास को भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने उस समय घेर लिया जब वह कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस निर्देश का पालन करते हुए कोतवाली पुलिस स्टेशन पहुंचीं, जिसमें उन्हें चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक मामले की जांच में सहयोग करने के लिए कहा गया था। प्रणयिता जलपाईगुड़ी में तृणमूल के एससी, एसटी और ओबीसी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण दास की बेटी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 4 मई, 2026 को चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों से संबंधित एक मामले में पिता और पुत्री दोनों का नाम सामने आया है।’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं, मिलेनियम पोस्ट की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘टीएमसी के वरिष्ठ जिला नेता और जलपाईगुड़ी विधानसभा उम्मीदवार कृष्ण दास की बेटी प्रणयिता दास गुरुवार को जलपाईगुड़ी कोतवाली पुलिस स्टेशन में अदालत के निर्देश के बाद पेश हुईं। उन पर चुनाव के बाद कथित हमले का आरोप है जिसमें भाजपा के छह कार्यकर्ता कथित तौर पर घायल हो गए थे। महिला प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर पुलिस स्टेशन के बाहर उनकी गाड़ी रोक दी और उन पर अंडे फेंके। जब पुलिस ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की तो तनाव बढ़ गया, और कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर उनके बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की।’ इसके अलावा, इस घटना का वीडियो हमें ‘जलपाईगुड़ी न्यूज’ फेसबुक पेज भी पोस्ट मिली।

DFRAC की टीम ने जलपाईगुड़ी न्यूज के फाउंडर और एडिटर पिनाकी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह घटना जलपाईगुड़ी की है, जिसे भ्रामक तरीके से कंगना रनौत से जोड़ दिया गया है। उन्होंने वायरल वीडियो के बारे में जानकारी दी कि एक केस के मामले में टीएमसी नेता कृष्णदास की बेटी प्रणयिता दास कोतवाली आईं थी, तभी कोतवाली के बाहर भीड़ कुछ द्वारा उनके साथ यह व्यवहार किया गया।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। यह वीडियो कंगना रनौत की पिटाई का नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में टीएमसी नेता कृष्णा दास की बेटी प्रणयिता दास के साथ धक्का-मुक्की का है। इसलिए यूजर्स का दावा गलत है।

Claim ReviewKangana Ranaut was beaten up by women.
Claimed ByX UserAYODHYA WALE and Satpal Yadav Samajwadi Party Noida Vidhan Sabha 61
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. Facebook Post of Jalpaiguri Digital News.
  2. News Coverage of Jalpaiguri News
  3. News Report of The Telegraph published on 31/07/2026
  4. News Report of millennium post published on 31/07/2026
  5. News Report of ANI Bharat, Video upload on 30/07/2026
  6. Statement of Founder & Editor of Jalpaiguri News to DFRAC.