West Bengal Attack on Muslim

फैक्ट चेकः महाराष्ट्र के वाशिम में युवक पर जानलेवा हमले का वीडियो पश्चिम बंगाल का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक भीड़ द्वारा कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया जा रहा है। वायरल वीडियो में बुर्का पहनी एक मुस्लिम महिला भी देखी जा सकती है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स दावा कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक कारणों से एक मुस्लिम युवक पर हमला किया गया।

इस वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए Drx Samim Aktar नामक यूजर बंगाली भाषा में कैप्शन लिखा है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘पश्चिम बंगाल का एक युवा मुस्लिम व्यक्ति एक बार फिर राजनीतिक हिंसा का शिकार हुआ है। यह राज्य रहने लायक नहीं रह गया है।’

लिंक

वहीं इंस्टाग्राम पर भी कई यूजर्स ने इस वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर किया है। एक यूजर ने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल का एक मुस्लिम व्यक्ति एक बार फिर भारत में राजनीतिक हिंसा का शिकार हुआ है।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

इसके अलावा इस वीडियो को पश्चिम बंगाल में मुस्लिम युवक पर हमले का बताकर कई अन्य यूजर्स दावा शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल की घटना का नहीं है। यह महाराष्ट्र के वाशिम जिले में सड़क पर ओवरटेक करने के विवाद को लेकर हुए हमले का वीडियो है। हमारी टीम ने वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस वीडियो के संदर्भ में Zee News के यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक रिपोर्ट मिली, जिसमें इस घटना को वाशिम जिले का बताया गया है।

हमने जांच के दौरान पाया कि वाशिम के स्थानीय पत्रकारों और मीडिया संस्थानों ने भी इस वीडियो को वाशिम की घटना का बताकर शेयर किया है। एक मीडिया रिपोर्ट्स में घायलों का नाम प्रवीण राउत, राजेश राउत, प्रतीक राउत, अंकुश सोनटक्के और एक महिला बताया गया है।

आगे की जांच में हमें पुढारी न्यूज की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में घटना के बारे में विस्तार से बताया गया है, ‘वाशिम में एक चौंकाने वाली घटना हुई, जहां मोटरसाइकिल ‘कट लेने’ के मामूली झगड़े में 10 से 12 लोगों के एक ग्रुप ने एक युवक और उसके रिश्तेदारों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, और कुल चार लोग घायल हुए हैं। इस बारे में वाशिम सिटी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, जब प्रतीक राजेश राउत अपनी मां और छोटे बेटे के साथ बाहेती हॉस्पिटल के सामने से गुजर रहे थे, तो डिस्ट्रिक्ट जनरल हॉस्पिटल के पास एक मोटरसाइकिल गैरेज के मालिक ने उनकी कार से ‘कट’ ले ली। जब प्रतीक ने उनसे इस बारे में पूछा, तो उनके साथ मारपीट की गई।’

इस घटना में स्थान के नाम के तौर पर ‘डिस्ट्रिक्ट जनरल हॉस्पिटल’ बताया गया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो में ‘बाबर’ नामक एक शॉप का बोर्ड दिख रहा है। जिसके बाद हमने गूगल मैप पर डिस्ट्रिक्ट जनरल हॉस्पिटल के बगल बाबर नामक दुकान को देखा। हमें यह दुकान गूगल मैप पर दिखी। गूगल मैप को यहां पर क्लिक करके देखा जा सकता है।

अपनी जांच में हमने पाया था कि फैक्ट न्यूज ने भी इस घटना को वाशिम का बताते हुए कवरेज की है। जिसके बाद हमने फैक्ट न्यूज के पत्रकार इमरान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह घटना पश्चिम बंगाल की नहीं है, बल्कि वाशिम की है। उन्होंने बताया कि यह घटना सड़क पर एक विवाद के कारण हुई थी।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल में मुस्लिम युवक के साथ राजनीतिक हिंसा का भ्रामक दावा किया गया है। वायरल वीडियो की घटना महाराष्ट्र के वाशिम जिले की है, जहां सड़क पर ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था।