उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में ईद के दिन सूर्या चौहान नामक युवक की चाकुओं से हमलाकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, वहीं कई अन्य आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें दो आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त में लंगड़ाकर चलते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सूर्या के हत्या आरोपियों को पुलिस ने लंगड़ाकर परेड निकालते हुए जेल भेजा है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए अरुण बाजपेयी राजन नामक एक यूजर ने लिखा, ‘गाजियाबाद सूर्या मर्डर : मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर करने एवं बांकी आरोपियों को लंगड़ा बना कर सड़क पर भव्य परेड निकालकर जेल भेजने के बाद.. सूर्या चौहान की माँ को योगी सरकार ने मदत की….एक मकान, 5 लाख रुपये, सरकारी नौकरी।’

एक अन्य यूजर ने भी इसी कैप्शन के साथ वीडियो को शेयर किया है।

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह वीडियो सूर्या चौहान के हत्या आरोपियों की परेड निकाले जाने का नहीं है। यह वीडियो मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में अप्रैल की घटना का है। 8 और 9 अप्रैल को हमें वायरल वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट मिला। Aarambh News Official नामक यूजर ने वीडियो को 9 अप्रैल को पोस्ट करते हुए जानकारी दी है कि मध्य प्रदेश के Mandsaur जिले में 19 वर्षीय अरुण की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी रोहित चौहान और युवराज माली को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा एक अन्य यूजर ने भी इस वीडियो को 9 अप्रैल को मंदसौर की घटना का बताते हुए शेयर किया है।
वहीं, आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने गूगल पर कुछ वर्ड्स सर्च किया। हमें अमर उजाला और दैनिक भास्कर की मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें बताया गया है, ‘मंदसौर के नरसिंहपुरा इलाके में बेखौफ बदमाशों ने 19 साल के एक युवक पर सरेराह चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि युवक की आंतें तक शरीर से बाहर निकल आईं। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।’

वहीं, हमें इस घटना के संदर्भ मंदसौर पुलिस के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से एक पोस्ट मिला। जिसके साथ प्रेस रिलीज में जानकारी दी गई है, ‘दिनांक 05 अप्रेल 2026 की रात्रि करीब 09-30 बजे आरोपी युवराज माली एवं रोहित चौहान के द्वारा मृतक अरुण वर्मा निवासी नरसिहपुरा मंदसौर को पुराने गाली गलौज के विवाद के चलते बातचीत हेतु गांधी चौराहे पर बुलाया था। जहां बातचीत के दौरान ही आरोपियान ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम देकर मृतक अरुण वर्मा पर जान से मारने की नियत से अरुण वर्मा को चाकू मारकर घायल कर दिया था जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के पश्चात से ही आरोपीगण फरार थे। उक्त आरोपियो की गिरफ्तारी तत्काल सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक मंदसौर के मार्गदर्शन में पृथक पृथक पुलिस टीम मंदसौर एवं आस पास के जिलो रतलाम, अलीराजपुर, पेटलावद मे आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु भेजी गई थी। अंततः प्रकरण के दोनो आरोपियो युवराज पिता रवि माली उम्र 19 साल नि कर्मचारी कोलोनी अभिनंदन नगर कोलोनी मन्दसौर एवं रोहित पिता शंकरलाल चोहान उम्र 23 साल नि अलावदाखेडी मंदसोर को थाना कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने सफलता प्राप्त हुई है।’
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्या के आरोपियों का नहीं है। यह वीडियो मध्य प्रदेश के मंदसौर में अप्रैल में हुई हत्या की घटना के आरोपियों का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

