वायरल वीडियो का सच: तिरंगा लेकर जश्न मना रही भीड़ का पश्चिम बंगाल चुनाव से नहीं है संबंध

Fact Check Fact Check hi Featured Misleading Misleading

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कथित हार के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा और भगवा झंडे लेकर जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल में Mamata Banerjee की विदाई और सत्ता परिवर्तन के जश्न का है।

Source: X

सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि यह वीडियो बहुत कुछ कहता है। पश्चिम बंगाल के लोग सत्ता परिवर्तन और टीएमसी, ममता बनर्जी की विदाई का जश्न मना रहे हैं। किसी के हाथ में जीतने वाली पार्टी भाजपा का झंडा नहीं। लोगों के हाथों में या तो तिरंगा है, या भगवा पताका।

Source: X

वहीं एक अन्य पत्रकार आदित्य राज कौल ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि पश्चिम बंगाल में BJP समर्थकों का जश्न। हर तरफ ‘जय श्री राम’ के नारे!

Source: X

Source: X

इसके अलावा कई अन्य यूजर ने भी वायरल वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया है।

फैक्ट चेक

Source: Youtube

वायरल वीडियो के दावे की जांच के लिए वीडियो को की-फ्रेम में कन्वर्ट कर रिवर्स सर्च किया गया। जांच के दौरान यही वीडियो 09 मार्च 2026 को यूट्यूब पर अपलोड मिला। वीडियो के कैप्शन में इसे भारत की T20 विश्व कप जीत के बाद प्रयागराज के लोकनाथ क्षेत्र में हुए जश्न का बताया गया था।

Source: Amar Ujala

Source: India Today

इसके अलावा अमर उजाला और इंडिया टुडे की रिपोर्ट्स में भी वायरल वीडियो को प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का बताया गया है।

वहीं, वायरल वीडियो और अमर उजाला की रिपोर्ट में दिखाए गए वीडियो के तुलनात्मक अध्ययन के दौरान कई समानताएं देखने को मिलीं। दोनों वीडियो में “सुमन गार्मेंट्स” का बोर्ड, हाईमास्ट लाइट पोल, बिजली के तारों का जाल, आसपास की इमारतें और सड़क का एंगल एक जैसा दिखाई दिया।

वहीं, वीडियो में दिखाई दे रही “सुमन गार्मेंट्स” दुकान की लोकेशन की जांच में पता चला कि यह प्रयागराज के बाबा लोकनाथ क्षेत्र में स्थित है। साथ ही दुकान का बोर्ड, बिजली के खंभे, तारों का जाल और आसपास की इमारतों जैसी कई समानताएं भी वायरल वीडियो और गूगल स्ट्रीट व्यू में एक जैसी मिलीं। इससे पुष्टि होती है कि वायरल वीडियो प्रयागराज का है, न कि पश्चिम बंगाल का।

निष्कर्ष:

वायरल वीडियो को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की विदाई के जश्न के रूप में शेयर किया जा रहा है, जबकि जांच में यह दावा भ्रामक पाया गया। असल में यह वीडियो प्रयागराज में भारत की T20 विश्व कप जीत के बाद हुए जश्न का है।