ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो अमेरिका की सबसे एडवांस्ड स्टेल्थ B-2 बॉम्बर को ईरान द्वारा मार गिराए जाने और उसे ट्रक पर लादकर ईरान की सड़कों पर घुमाए जाने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। यूजर्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ट्रक पर क्षतिग्रस्त B-2 बॉम्बर को रखकर घुमाया जा रहा है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘अमेरिका की इज्जत का जनाज़ा निकल रहा है। अमेरिका की नाक और इज्जत बी-2 बॉम्बर गिरा कर उसको ईरानी सड़कों पर घुमा रहे हैं। ईरान ने अमेरिका और इजराइल का भूत उतारे हुए उनकी इज्जत की धज्जिया उड़ा दी है। #IranWar #Israel #IranIsraelWar‘

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को अमेरिकी बी-2 बॉम्बर को ईरान द्वारा मार गिराए जाने के दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो B-2 बॉम्बर का वास्तविक वीडियो नहीं है। इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा बनाया गया है। हमारी टीम ने वीडियो की जांच AI-डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन पर की। हमारी जांच में परिणाम सामने आया कि यह वीडियो AI-जनरेटेड है।

इस वीडियो के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए हमने एआई विशेषज्ञ मयंक शर्मा से संपर्क किया। मयंक ने फ्रेम-दर-फ्रेम परीक्षण, विजुअल पैटर्न और डिजिटल आर्टिफैक्ट्स की जांच के बाद बताया कि यह वीडियो प्राकृतिक कैमरा फुटेज नहीं, बल्कि एआई-जनरेटेड वीडियो प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि वीडियो में विजुअल असंगतियां (visual inconsistencies), अनैचुरल लाइटिंग पैटर्न, और मॉर्फिंग जैसे ट्रांजिशन दिखाई देते हैं, जो आमतौर पर एआई वीडियो में देखने को मिलते हैं। इसके अलावा कुछ फ्रेम्स में टेक्सचर डिस्टॉर्शन, एज ब्लरिंग और फ्रेम सिंक्रोनाइज़ेशन की गड़बड़ी भी नजर आती है, जो वास्तविक वीडियो रिकॉर्डिंग में सामान्यतः नहीं पाई जाती। मयंक के अनुसार, इस तरह के सिंथेटिक विजुअल सिग्नेचर और डिजिटल एनोमलीज़ यह संकेत देते हैं कि वीडियो को उन्नत जनरेटिव एआई तकनीक की मदद से तैयार किया गया है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर क्षतिग्रस्त B-2 बॉम्बर को ईरान की सड़क पर घुमाए जाने का वीडियो वास्तविक नहीं है। यह वीडियो AI-जनरेटेड है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।

