Yuvraj murdered Nisha

फैक्ट चेकः युवराज ने की थी निशा की हत्या, इसे आबिद बताकर सांप्रदायिक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक युवती के शव की तस्वीर शेयर की गई है। इस तस्वीर के साथ दावा किया गया है कि राजस्थान के मोहम्मद आबिद को नई शादी करनी थी, इसलिए उसने हिन्दू पत्नी नीलम की हत्याकर उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस में भरकर नहर में फेंक दिया।

इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, #पांच वक्त के नमाज़ी का नया कारनामा #पांच माह में भर गया मन तो कर दी #सूटकेस में पैक मोहम्मद आबिद को नई बेगम लानी थी लेकिन नीलम को यह स्वीकार नहीं था #आबिद ने नीलम को सूटकेस में पैक करके नहर में फैंक दिया, कुछ समय पहले #हिन्दू संगठनों ने नीलम को बहुत समझाया था लेकिन #नीलम का कहने था की सभी लोग एक से नहीं होते आप #लोग नफरती हो अपनी बच्चियों पर ध्यान रखें उसकी #फ्रेंड कौन है insta पर किन लोगों से दोस्ती है यह सब जानकारी होनी चाहिए #राजस्थान की घटना’

लिंक

वहीं कई अन्य यूजर्स ने भी इस तस्वीर को नीलम की आबिद द्वारा हत्या किए जाने के दावे के साथ शेयर किया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच में पाया कि ना तो मृतका का नाम नीलम है और ना ही उसकी हत्या मोहम्मद आबिद ने की है। दरअसल युवती का नाम निशा सोनी है और उसकी हत्या का आरोप पंजाब पुलिस के युवराज सिंह नामक कर्मचारी पर लगा था। यह मामला जनवरी 2025 का है। हमारी टीम ने तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर पाया कि इस तस्वीर के साथ दिव्य हिमाचल की वेबसाइट पर 23 जनवरी 2025 को एक न्यूज प्रकाशित की गई है।

इस रिपोर्ट में बताया गया है, ‘जोगिंद्रनगर की 22 वर्षीय युवती निशा सोनी की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। निशा को उसके ही प्रेमी ने नहर में धक्का देकर मौत के हवाले कर दिया था। रोपड़ पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। आरोपी 33 वर्षीय पुलिस कर्मी है। उसे हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और अपने प्रेम प्रसंग को छिपाने के लिए उसने निशा की हत्या कर दी, अब तक जांच में इस बात का खुलासा हुआ है।’

वहीं हमें इस घटना के संदर्भ में अमर उजाला और नवभारत टाइम्स सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स भी मिलीं। इन रिपोर्ट्स में निशा के हत्या आरोपी का नाम युवराज सिंह लिखा है। नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘युवराज ने 20 जनवरी को निशा की हत्या कर रोपड़ में भाखड़ा नहर में फेंक दिया था। 22 जनवरी को निशा का शव पटियाला से मिली थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉन्सटेबल ने ही युवती को नहर में फेंकने के बाद पुलिस को कॉल किया और कहा था कि एक युवती नहर में गिर गई है।’

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि इस हत्या मामले में ना तो मृतका का नीलम है और ना ही उसकी हत्या आबिद नाम के शख्स ने की है। मृतका का नाम निशा सोनी था और उसकी हत्या का आरोप युवराज सिंह नामक शख्स पर लगा था। यह घटना राजस्थान की हाल-फिलहाल की नहीं है, बल्कि पंजाब की जनवरी 2025 की है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।