अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफरी एपस्टीन की फाइल्स को लेकर दुनियाभर में बवाल मचा हुआ है। वर्ल्ड की कई मशहूर हस्तियों के नाम भी एपस्टीन से जुड़े होने के आरोप लग रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर जेफरी एपस्टीन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में एपस्टीन के कंधे पर पीएम मोदी का हाथ होना दिखाया गया है।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘Jeffrey Epstein के साथ मोदी जी का कोई आज का रिश्ता थोड़े ही न है, उसके साथ तो बहुत पुराना और आत्मीय नाता रहा है, ये नाता बहुत सुखद और प्रेरणादायक भी है। जिससे इंडिया का गौरव बढ़ाने का काम किया है।’

एक इंस्टाग्राम यूजर ने इस तस्वीर को शेयर कर सवाल किया है कि, ‘क्या सच है ये मोदी का रिश्ता epstein के साथ ???’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच में पाया कि जेफरी एपस्टीन के साथ पीएम मोदी की तस्वीर एडिटेड है। वायरल तस्वीर को पीएम मोदी और एपस्टीन की दो अलग-अलग तस्वीरों को जोड़कर बनाया गया है। हमारी टीम ने एपस्टीन और पीएम मोदी की तस्वीरों को क्रॉप करके अलग-अलग रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें एपस्टीन की फोटो न्यूज एजेंसी ANI की एक न्यूज में मिली, जिसमें इस फोटो के सोर्स के तौर पर फाइल फोटो दिया गया है। इस तस्वीर में एपस्टीन के साथ पीएम मोदी नहीं हैं।

वहीं पीएम मोदी की तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर हमें यह तस्वीर विकिपीडिया, ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन सहित कई जगहों पर मिली। अमेजन की वेबसाइट पर पीएम मोदी की इस फोटो का वुडेन पोरट्रेट सेल किया जा रहा है। वहीं हमें पीएम मोदी की इस तस्वीर के साथ इकॉनोमिक्स टाइम्स और दैनिक भास्कर की रिपोर्ट्स भी मिलीं। इन मीडिया संस्थानों में पीएम मोदी की इस तस्वीर में कहीं भी एपस्टीन को नहीं देखा जा सकता है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि एपस्टीन के साथ पीएम मोदी की वायरल तस्वीर एडिटेड है। वायरल तस्वीर को पीएम मोदी और एपस्टीन की दो अलग-अलग तस्वीरों को जोड़कर बनाया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

