Deoband

फैक्ट चेकः देवबंद में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराए जाने का वीडियो अफगानिस्तान का बताकर वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोगों द्वारा भारतीय झंडा तिरंगा फहराया जाता है, फिर इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया जाता है। यूजर्स इस वीडियो को अफगानिस्तान में तिरंगा फहराए जाने और राष्ट्रगान गाए जाने का बताकर शेयर कर रहे हैं।

वायरल वीडियो को शेयर करते हुए मिस. भूमि नामक यूजर ने लिखा, ‘अफ़ग़ानिस्तान में भारत का राष्ट्रगान अब अखंड भारत दूर नहीं’

लिंक

वहीं इस वीडियो को अफगानिस्तान का बताकर कई अन्य यूजर्स द्वारा भी शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह वीडियो अफगानिस्तान का नहीं है, बल्कि भारत के उत्तर प्रदेश सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराए जाने और राष्ट्रगान गाए जाने का है। वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमने पाया कि जर्नो मिरर और IBC24 News द्वारा कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को 26 जनवरी और 27 जनवरी को देवबंद में तिरंगा झंडा फहराए जाने का बताकर शेयर किया है।

लिंक- 1, 2 और 3

आगे की जांच में हमने पाया कि वीडियो में एक मस्जिद दिख रही है। जिसके बाद हमने देवबंद की मस्जिद के बारे में सर्च किया। हमने पाया कि वायरल वीडियो में दिख रही मस्जिद दरअसल देवबंद की मस्जिद है, जिसे यहां दिए ग्राफिक्स में देखा जा सकता है।

इस संदर्भ में और ज़्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने दारुल उलूम देवबंद से जुड़े मौलाना मूसा क़ासमी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो अफगानिस्तान का नहीं है, बल्कि दारुल उलूम देवबंद का है। इसकी पहचान ऐसे भी होती है कि वीडियो के बैकग्राउंड में दिख रही मस्जिद देवबंद की प्रसिद्ध मस्जिद-ए-रशीद है।कुछ लोग इसे जामे रशीद मस्जिद, मस्जिद-ए-रशीदियह और ताज मस्जिद भी कहते हैं।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो अफगानिस्तान का नहीं है। यह वीडियो दारुल उलूम देवबंद में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराए जाने और राष्ट्रगान गाए जाने का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।