सोशल मीडिया पर सेना के एक जवान की तस्वीर शेयर कर दावा किया गया है कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादी हमले में भारतीय सेना के एक कैप्टन गोली लगने से शहीद हो गए, जबकि 3 और सैनिक घायल हुए हैं।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए Annushi Tiwari नामक यूजर ने लिखा, ‘कल जम्मू-कश्मीर के बारामूला में एक आतंकवादी हमले में 22 साल के भारतीय सेना के कैप्टन अमन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, इस घटना में 3 अन्य सैनिक भी घायल हो गए।’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकी हमला, गोली लगने से एक कैप्टन के शहीद होने और 3 जवानों के घायल होने का फेक दावा किया गया है। बारामूला में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हमने जांच के दौरान यह पाया कि शेयर की गई तस्वीर कैप्टन अमन सिंह की है, जिनका ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
हमें अमन सिंह के निधन के संदर्भ में दैनिक भास्कर और नव भारत टाइम्स सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘कुशीनगर के 25 साल के कैप्टन अमन सिंह की जम्मू-कश्मीर में हार्ट अटैक से मौत हो गई। रविवार को बारामूला में तबीयत बिगड़ने पर उनके साथी उन्हें कंधों पर उठाकर हेलीपैड तक ले गए। हेलिकॉप्टर से उन्हें श्रीनगर लाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। अमन सिंह की एक साल पहले बारामूला में पोस्टिंग हुई थी। वह कुशीनगर की हाटा तहसील के अब्दुल हमीद नगर के रहने वाले थे। अमन परिवार के इकलौते बेटे थे।’

सोर्स-दैनिक भास्कर और नव भारत टाइम्स
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि कैप्टन अमन सिंह का निधन बारामूला में ड्यूटी के दौरान तबियत बिगड़ने से हुआ था। बारामूला में आतंकवादी हमले, कैप्टन के शहीद होने और 3 जवानों के घायल होने की कोई आधिकारिक सूचना या मीडिया रिपोर्ट्स नहीं है। इसलिए यूजर का दावा फेक है।

