Jibu B Mathew

फैक्ट चेकः क्या BSF कमाडेंट जिबू मैथ्यू के घर से बरामद हुए 96 करोड़ कैश? जानें- वायरल वीडियो की सच्चाई

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर भारी मात्रा में बरामद कैश का वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह कैश बांग्लादेश सीमा पर तैनात बीएसएफ के कमांडेंट जिबू मैथ्यू के घर सीबीआई ने छापेमारी में बरामद किया है। यूजर्स इस वीडियो के साथ सीमा पर घुसपैठ में बीएसएफ अधिकारी की मिलीभगत को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए मिस्टर त्यागी नामक यूजर ने लिखा, ‘BSF का यह कमांडेंट मैथ्यू सार बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात था, जहाँ घुसपैठियों को घुसाने से इसने करोड़ों रुपये कमाए। 76 करोड़ रुपये घर से बरामद हुए हैं। BSF की बिना मर्ज़ी बांग्लादेश से एक भी घुसपैठ नहीं हो सकती। कहीं ना कहीं ऐसे लोगों ने देश के साथ बहुत बड़ी गद्दारी की है’

लिंक

इसके अलावा एक अन्य वीडियो को भी जिबू मैथ्यू से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। मनोज श्रीवास्तव नामक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘*कांग्रेसी रक्षामंत्री एके एंटोनी द्वारा नियुक्त* *BSF के कमांडंट Jibu B Mathew को* *CBI ने पकड़ा है* *उनके घर से 96 करोड़ जब्त किए गए* *ये पाक-बांग्लादेश बॉर्डर पर* *हमेशा अपनी तैनाती कैसे करवाते थे* *और इसके जैसे* *कितने गद्दार सेना मैं होंगे* *यह जांच का विषय है*’।

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह कानपुर में वर्ष 2018 में एक बिल्डर के यहां से बरामद पुरानी करेंसी के वीडियो हैं। हमें यह वीडियो कई यूट्यूब चैनल्स पर जनवरी 2018 में पोस्ट मिले। APN NEWS LEGAL पर 17 जनवरी 2018 को पोस्ट वीडियो के साथ बताया गया है, ‘कानपुर से 90 करोड़ रुपये के पुराने नोट बरामद’

वहीं वीडियो में दिख रहे शख्स के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमनें पाया कि यह वीडियो भी कानपुर में कैश मिलने की उसी घटना से संबंधित है। एक यूट्यूब चैनल पर 27 जनवरी 2018 को अपलोड इस वीडियो के साथ जानकारी दी गई है, ‘ब्रेकिंग न्यूज़ कानपुर के बिल्डर आनंद खत्री से 96.40 करोड़ बरामद’

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने आनंद खत्री के बारे में गूगल पर कुछ की-वर्ड्स सर्च किया। हमें एएनआई और एबीपी न्यूज सहित मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। एबीपी न्यूज की 17 जनवरी 2018 की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘कानपुर (उत्तर प्रदेश): स्वरूप नगर स्थित बिल्डर के पैतृक घर से 96 करोड़ रुपये से अधिक के पुराने नोट जब्त किए जाने के सिलसिले में कानपुर पुलिस ने एक जाने-माने बिल्डर समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार मीना ने बताया कि 95 करोड़ रुपये बिल्डर आनंद खत्री के थे और बाकी रकम एक दर्जन से अधिक अन्य लोगों की थी। इन सभी को बिल्डर के साथ गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। नवंबर 2016 में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों पर प्रतिबंध लगने के बाद से यह सबसे बड़ी जब्ती है।’

वहीं, एएनआई के 17 जनवरी 2018 के पोस्ट में जानकारी दी गई है, ‘कानपुर: 96 करोड़ रुपये के पुराने नोट बरामद होने के मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और उन पर कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’

आगे की जांच के लिए हमने जिबू मैथ्यू के बारे में गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें एनडीटीवी की 31 जनवरी 2018 की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया है, ‘भारत-बांग्लादेश सीमा से घर लौट रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी को केरल में 45 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने अधिकारी को केरल के एलेप्पी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने बताया कि उन्होंने सीमा पार तस्करों से रिश्वत के तौर पर ली गई रकम से यह धन बचाया था।’

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो जिबू मैथ्यू के मामले से संबंधित नहीं है, बल्कि कानपुर में बिल्डर के यहां से बरामद कैश का वर्ष 2018 का वीडियो है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।