Myanmar Attack

फैक्ट चेकः म्यांमार की तस्वीरों को मणिपुर में ड्रोन अटैक का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट्स द्वारा मणिपुर को लेकर भ्रामक और फेक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। एक यूजर ने कई तस्वीरों को मणिपुर में भारतीय सेना द्वारा नागरिकों पर ड्रोन अटैक किए जाने के दावे के साथ शेयर किया है। इन तस्वीरों में कुछ लोगों को आग बुझाते और एक जगह पर कई शव रखे देखा जा सकता है।

Manipur Post नामक यूजर ने लिखा, ‘ब्रेकिंग न्यूज़। भारतीय सेना ने मणिपुर में आम लोगों के इलाकों पर ड्रोन हमले किए। बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया गया और घरों को तबाह कर दिया गया। यह कार्रवाई आम लोगों पर सीधा हमला है। भारतीय सेना मणिपुर में मानवाधिकारों का उल्लंघन करती रहती है।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल तस्वीरों की जांच में पाया कि ये तस्वीरें मणिपुर की नहीं है, बल्कि म्यांमार की हैं। वहीं मणिपुर में कोई भी ड्रोन हमला नहीं हुआ है। हमने वायरल तस्वीरों को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें एक तस्वीर बीबीसी की बर्मी भाषा में 24 फरवरी को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। जिसमें बताया गया है कि रखाइन राज्य के पोन्नाग्युन टाउनशिप में योए न्गु गांव पर सेना द्वारा की गई बमबारी में कम से कम 10 लोग मारे गए, जिनमें से अधिकांश बच्चे थे।

लिंक (बर्मी भाषा से हिन्दी में ट्रांसलेटेड स्क्रीनशॉट)

वहीं, शवों की तस्वीर के साथ हमें myanmar-now की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि 24 फरवरी को दोपहर लगभग 2:00 बजे रखाइन राज्य के पोन्नाग्युन टाउनशिप में एक बाजार पर बमबारी की गई, जिसमें 20 से अधिक नागरिक घायल हो गए और मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। राहत कार्य में कार्यरत लेखिका वाई हिन आंग ने कहा कि योए न्गु गांव में सैन्य विमान द्वारा बाजार पर हमले के बाद प्रभावित लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं।

लिंक (बर्मी भाषा से हिन्दी में ट्रांसलेटेड स्क्रीनशॉट)

वहीं, हमने मणिपुर में ड्रोन हमले के संदर्भ में कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें हाल-फिलहाल में ड्रोन हमले की कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरें मणिपुर की नहीं है, बल्कि म्यांमार के रखाइन प्रांत के एक बाजार पर हुए सैन्य हमले की हैं। वहीं मणिपुर में हाल-फिलहाल में कोई ड्रोन अटैक की घटना नहीं हुई है। इसलिए यूजर का दावा गलत है।