Indian soldiers martyred

फैक्ट चेक: 2013 की तस्वीर शेयर कर LOC पर पाकिस्तानी फायरिंग में भारतीय सैनिकों के शहीद होने का भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट्स ने तिरंगे में ताबूत की एक तस्वीर शेयर कर दावा किया है कि नियंत्रण रेखा पर भारत की तरफ से सीजफायर का उल्लंघन किया गया, जिसके जवाब में पाकिस्तान की तरफ गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में कई भारतीय सैनिक शहीद हो गए।

इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘ब्रेकिंग न्यूज़। इंडियन आर्मी ने एक बार फिर मंडल सेक्टर में सीज़फ़ायर तोड़ा, आम लोगों को निशाना बनाकर मोर्टार से हमला किया। पाकिस्तान ने ज़ोरदार जवाब दिया, इंडियन आर्मी की कुमार टॉप पोस्ट पर कब्ज़ा कर लिया और खबर है कि कई सैनिक मारे गए। पाक के जवाब के बाद फिलहाल शांति है।’

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम जांच में पाया कि शहीद भारतीय सैनिकों के ताबूत की यह तस्वीर हाल फिलहाल की नहीं है। यह तस्वीर 2013 की है। रिवर्स इमेज़ सर्च करने पर हमें यह तस्वीर शटरस्टॉक की वेबसाइट पर मिली, जिसके साथ जानकारी दी गई है, ‘06 अगस्त 2013 को इंडियन आर्मी के जवान उन इंडियन आर्मी के जवानों के ताबूतों के पास खड़े हैं, जिन्हें पाकिस्तानी घुसपैठियों ने पुंछ में ब्रिगेड हेडक्वार्टर में मार डाला था। यह जगह जम्मू से करीब 240 km दूर है।’

लिंक

वहीं आगे की जांच के लिए हमने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के बारे में गूगल सर्च किया। हमें कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें पाकिस्तान की तरफ की सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलीबारी किए जाने की खबर प्रकाशित की गई है, हालांकि इन मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी दी गई है कि कोई हताहत नहीं हुआ है।

लिंक

वहीं हमें भारतीय सेना की 16वीं कोर के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश पर पोस्ट मिले। इन पोस्टों में बताया गया है, ‘खुफिया इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर 19 फरवरी 2026 की तड़के, नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुंदरबनी के नाथुआ टिब्बा क्षेत्र में आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि का पता चला। #WhiteKnightCorps की सतर्क टुकड़ियों ने तुरंत और संतुलित कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की और घुसपैठ की इस कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। हमारी टुकड़ियों को क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए पुनर्स्थापित और पुनर्संरेखित किया गया है। ज़मीनी और हवाई निगरानी के समन्वित माध्यम से पूरे सेक्टर में उच्च स्तर की ऑपरेशनल सतर्कता बनाए रखी जा रही है।’

भारतीय सेना की 16वीं कोर की तरफ से यह भी जानकारी दी गई है कि इलाके में सर्च अभियान के दौरान हथियार भी बरामद किए गए हैं।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि शहीद भारतीय सैनिकों के ताबूत की यह तस्वीर हाल फिलहाल की नहीं है। यह तस्वीर 2013 की है। वहीं, नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलीबारी में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। इसलिए यूजर का दावा भ्रामक है।