सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बस स्टैंड पर एक मुस्लिम पर हेलमेट पहना शख्स पहले लाठी से हमला करता है, इसके बाद उसे गोली मार देता है। यूजर्स इस वीडियो को भारत में मुस्लिमों पर अत्याचार का बताकर शेयर कर रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘सच को मीडिया कभी नहीं दिखाएगी ज़ुल्म मुसलमानों पर होता है लेकिन गोदी मीडिया बहुसंख्यक को बताती है!!’ इस पोस्ट को 1500 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है और इसकी रीच करीब 80 हजार है।

वहीं कई अन्य यूजर्स भी इस वीडियो को भारत से जोड़ते हुए शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने इस वीडियो को हिन्दू-मुस्लिम का सांप्रदायिक एंगल देते हुए शेयर किया है। इन पोस्ट्स को यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह वीडियो भारत का नहीं बल्कि बांग्लादेश का है। हमने जब वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमने पाया कि इस वीडियो को यूट्यूब के शॉर्ट्स सेक्शन में कई बांग्लादेशी यूट्यूबर्स द्वारा अपलोड किया गया है। बांग्लादेशी यूट्यूबर्स द्वारा अपलोड किए गए वीडियो को यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
इन यूट्यूबर्स द्वारा वीडियो के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। वहीं हमने जब वीडियो को गौर से देखा तो पाया कि वीडियो में दिख रही बस पर बंगाली भाषा में ढाका लिखा है, जो बांग्लादेश की राजधानी है। इसके अलावा वीडियो को देखने के बाद हमें इसके स्क्रिप्टेड होने के भी तथ्य मिले। जैसे वीडियो में मुस्लिम शख्स पर हमलावर लाठी से कमर पर वार करता है, लेकिन वह पैर को पकड़कर जमीन पर बैठ जाता है। इसके बाद गोली चलने की आवाज तो आती है, लेकिन मुस्लिम शख्स के शरीर के किसी हिस्से में गोली लगने या उसके किसी प्रकार के जख्म के निशान नहीं दिखते हैं। वहीं वीडियो को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा शूट किया जा रहा है, जो बिल्कुल उसी मोमेंट को कैप्चर करता है, जब हमला हो रहा होता है। जो आमतौर पर स्क्रिप्टेड वीडियो में होता है।

हमारी टीम वीडियो के ओरिजिनल सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वीडियो के ओरिजिनल सोर्स के बारे में जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट किया जाएगा। हालांकि अभी तक के मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो रहा है कि यह वीडियो भारत का नहीं बल्कि बांग्लादेश का स्क्रिप्टेड वीडियो है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि बांग्लादेश में मुस्लिम शख्स को गोली मारे जाने का स्क्रिप्टेड वीडियो भारत का बताकर शेयर किया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

