Pakistani Digital propaganda network

फर्ज़ी भारतीय पहचान, असली पाक लोकेशन: पाकिस्तान से चल रहा X पर डिजिटल प्रोपेगेंडा नेटवर्क

Featured Hate MONITOR

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भारत विरोधी नैरेटिव फैलाने के लिए पाकिस्तान से कई संगठित हैंडल संचालित हो रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया है कि ऐसे कम से कम 7 अकाउंट सक्रिय रूप से भारत के खिलाफ भ्रामक सूचनाएँ, प्रोपेगेंडा और मनोवैज्ञानिक युद्ध संबंधी कंटेंट शेयर करते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से कुछ यूजर्स ने अपने प्रोफाइल पर लोकेशन भारत दिखाई हुई है, ताकि वे भारतीय यूजर के रूप में अपनी पहचान प्रस्तुत कर सकें। लेकिन ट्विटर/X की आंतरिक लोकेशन ट्रैकिंग में उनकी वास्तविक लोकेशन पाकिस्तान के भीतर दिखाई देती है। यह अंतर इस बात की पुष्टि करता है कि ये हैंडल जानबूझकर पहचान छिपाकर भारतीय दर्शकों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

इनमें से कई खाते भारत से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर गलत जानकारियाँ फैलाते हैं, ताकि लोगों में अविश्वास, असंतोष और तनाव पैदा किया जा सके। विशेष अवसरों—जैसे चुनाव, आतंकी घटनाएँ, कूटनीतिक विवाद या किसी सामाजिक घटना—के दौरान इन अकाउंट्स की सक्रियता अचानक बढ़ जाती है। इससे यह संकेत मिलता है कि उनके ऑपरेशन न केवल संगठित हैं, बल्कि किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा भी हो सकते हैं। प्रोपेगेंडा के लिए यह रणनीति लंबे समय से पाकिस्तान-आधारित सोशल मीडिया इकोसिस्टम में अपनाई जाती रही है, जिसका उद्देश्य भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुँचाना और आंतरिक मतभेदों को बढ़ावा देना है।

इस रिपोर्ट में उन प्रमुख 7 हैंडल्स की पहचान, उनकी गतिविधियाँ, कंटेंट पैटर्न और लोकेशन-आधारित विसंगतियों का विस्तार से विश्लेषण किया गया है, जिससे यह समझा जा सके कि भारत-विरोधी डिजिटल प्रोपेगेंडा कैसे और किन तरीकों से संचालित होता है। ये 7 यूजर्स निम्नलिखित हैं-

  1. TricolorTales11 (https://x.com/tricolortales11)
  2. Avanti Anita https://x.com/Nexus_Again
  3. Yashita Nagpal https://x.com/rationaldialgue
  4. Ria Rathore https://x.com/riarathore836
  5. Hawk’s Eye https://x.com/Hawkss_eye
  6. Aniha https://x.com/anilieehere
  7. PARINDA https://x.com/DiyaSharma_10

1- Tricolortales11-

यह अकाउंट खुद को “सच, मिथक और कल्पना” बुनने वाले एक कहानीकार के तौर पर पेश करता है। इसने अपनी लोकेशन में भारत लिख रखा है, लेकिन जब इसका About this account देखा गया तो, उसमें लोकेशन और व्हाट्सऐप कनेक्शन दोनों पाकिस्तान दिख रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह हैंडल पाकिस्तान से संचालित होता है। हमारी टीम ने जब इस अकाउंट का कंटेंट एनालिसिस किया तो पाया कि इस अकाउंट से भारत विरोधी प्रोपेगेंडा किया जाता है। इसके अलावा यह भारत के आंतरिक मामलों पर भड़काऊ पोस्ट करता है। इसने दिल्ली और वेल्लोर में मंदिर गिराना, खुफिया एजेंसियों द्वारा चुनाव में दखल देना, कश्मीर में अन्याय और मणिपुर में अशांति की पोस्ट कर सिस्टमैटिक बहुसंख्यकवाद और भू-राजनीतिक धोखे के रूप में दिखाया है।

2- अवंती अनीता (Avanti Anita)

अवंती अनीता खुद को नवी मुंबई की रहने वाली बताती है। लेकिन क्या सच में नवी मुंबई की रहने वाली है? तो जवाब मिलता है- नहीं। क्योंकि इस यूजर की ऑनलाइन उपलब्ध जानकारियों को देखें तो पाएंगे की यह अकाउंट भारतीय नहीं है। फिलहाल एक्स पर इसकी लोकेशन में साउथ एशिया लिखा आ रहा है, लेकिन जब इसकी गहराई से जांच की गई, तो पाया गया कि यह अकाउंट भी पाकिस्तान से संचालित होता है।

हमने अपनी जांच के दौरान पाया कि यह अकाउंट पहले दिया शर्मा के नाम पर संचालित हो रहा था, जिसे बदलकर अनीता अवंती कर दिया गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसकी पुरानी लोकेशन का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया है, जिसमें इसकी लोकेशन और व्हाट्सऐप कनेक्शन पाकिस्तान दिख रहा है।

इसके अलावा आगे की जांच में हमने पाया कि इस यूजर ने प्रोफाइल और कवर फोटो में भी इंटरनेट पर पहले से मौजूद फोटो लगाए हैं। प्रोफाइल फोटो में इंस्टाग्राम यूजर अंजली शर्मा नौटियाल की तस्वीर लगा रखी है, जबकि कवर फोटो में इसने शटरस्टॉक पर उपलब्ध फोटो को लगाया है। इस अकाउंट से काफी आक्रामक पोस्ट की जाती है। जिसमें- हिंदुत्व की ज्यादतियां, ट्रंप को नज़रअंदाज़ करने के बाद पुतिन की पूजा करना भारत को “मज़ाक का पात्र” बना रहा है, प्रवासी भारतीयों की नाकामियां, महिला भ्रूण हत्या और संचार साथी ऐप जैसे मामले शामिल हैं।

3- यशिता नागपाल

यशिता नागपाल खुद को बिहार की रहने वाली और “इंडियन जर्नलिस्ट” होने का दावा करती है। हालांकि यह अकाउंट भी भारत से नहीं बल्कि पाकिस्तान से संचालित होता है। इस अकाउंट की मौजूदा लोकेशन साउथ एशिया दिख रहा है, लेकिन कई यूजर्स ने इसकी लोकेशन के पुराने स्क्रीनशॉट को शेयर किया है, जिसके मुताबिक इसकी लोकेशन पाकिस्तान है। इसकी पोस्ट राजनीति और सामाजिक दरारों को पैदा करने वाली होती है।

4- रिया राठौर

रिया राठौर ने अपनी प्रोफाइल फोटो में पीएम मोदी की तस्वीर लगा रखा है। इसने खुद की लोकेशन यूनाइटेड किंगडम बताया है लेकिन असलियत में यह अकाउंट भी पाकिस्तान से संचालित होता है। इस यूजर की ऑनलाइन गतिविधियां बीजेपी के समर्थन वाली होती हैं। यह कभी मोदी सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करती है,तो कभी बिहार में राहुल गांधी के भाषण की आलोचना करती है। इसके अलावा सिख मुद्दों, दलित अत्याचार और महिला क्रिकेटरों के उत्पीड़न की पोस्ट की जाती है।

5- हॉक आई

हॉक आई 9,249 फॉलोअर्स वाला वेरिफ़ाइड अकाउंट, खुद को “रियल-टाइम इंटेलिजेंस इनसाइट्स” देने वाला निष्पक्ष प्रहरी बताता है। इसकी लोकेशन भी पाकिस्तान है। इसकी फ़ीड एकतरफ़ा पाकिस्तान नैरेटिव वाली आक्रामक प्रोपेगेंडा मशीन की तरह काम करती है। पाकिस्तान-अफगान सीमा से आने वाले अपडेट—उर्दू की तात्कालिकता और अंग्रेज़ी विश्लेषण के साथ—लगभग हमेशा पाकिस्तानी सेना को महिमामंडित करते हैं। यह भारत पर प्रॉक्सी युद्ध छेड़ने के आरोप तथा, तालिबान-ईरान-UAE-भारत के कथित गठबंधन के सामने पाकिस्तान को एक घिरा हुआ रक्षक बताने की कोशिश करता है। इसके पोस्ट किए जाने वाले ग्राफिक कंटेंट—खून से सने शवों के वीडियो, ध्वस्त चौकियों के फुटेज, और सुरंगों पर कब्ज़े की विजयी तस्वीरें होती हैं। इस अकाउंट का मकसद स्पष्ट दिखता है: सैन्य श्रेष्ठता का प्रदर्शन, पाकिस्तानी भावनाओं को भड़काना, और X के इको-चैंबर में ISPR-शैली की युद्धकालीन कहानी को गढ़ना है।

6- अनिहा

पाकिस्तान से संचालित होने वाला अकाउंट अनिहा के 1,035 फॉलोअर्स हैं, यह अकाउंट खुद को “फॉलो बैक” देने वाला दोस्ताना प्रोफ़ाइल दिखाता है, लेकिन उसकी फ़ीड एक निष्क्रिय-सा दिखने वाला, बेहद पक्षपातपूर्ण एम्प्लीफायर है। इसका कंटेंट ज्यादातर पाकिस्तान केंद्रित होता है, जिसमें शरीफ परिवार की वजह से “स्थिरता”, सेना की “एकजुटता” और ISPR की कार्रवाइयों की खुलकर प्रशंसा की जाती है। दूसरी ओर, इमरान खान को लगातार खलनायक बनाया जाता है। इमरान खान को एक “मानसिक रूप से अस्थिर” नेता, जो भारत और अफगानिस्तान के साथ मिलकर हाइब्रिड खतरों और संस्थागत अस्थिरता को बढ़ावा देता है। यह यूजर बलूच अलगाववाद को भारत की “साजिश” बताकर मीर यार बलूच जैसे चेहरों को “स्क्रिप्टेड मानवाधिकार प्रॉक्सी” के रूप में बताता है।

7- परिंदा

खुद को जापान से जुड़ा होने का दावा करने वाला यह अकाउंट असलियत में पाकिस्तान से संचालित होता है। इसकी फ़ीड लगातार उर्दू में भड़काऊ टिप्पणियों, गालियों और राजनीतिक तानों से भरी रहती है। PML-N नेताओं को अपमानजनक शब्दों से निशाना बनाना, इमरान खान और PTI नैरेटिव से जुड़े ड्रामों को विकृत रूप में पेश करना और गंदी भाषा में जवाबी हमले करना इसका पैटर्न है। एंगेजमेंट बेहद कम है, लेकिन यह लगातार घृणा, फेक नैरेटिव और ट्रोलिंग के जरिए माहौल को जहरीला बनाने की कोशिश करता है।

निष्कर्षः

जांच से यह स्पष्ट होता है कि पाकिस्तान से संचालित कई X हैंडल भारत के खिलाफ डिजिटल प्रोपेगेंडा को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं। अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाकर भारतीय पहचान का दिखावा करना इन अकाउंट्स की प्रमुख रणनीति है, ताकि वे भारतीय यूजर्स के बीच भरोसा बना सकें और उन्हें भावनात्मक तौर पर प्रभावित कर सकें। कंटेंट पैटर्न, पोस्टिंग समय और भ्रामक नैरेटिव दिखाते हैं कि यह गतिविधि व्यक्तिगत नहीं, बल्कि संगठित और उद्देश्यपूर्ण है। चुनाव, कूटनीतिक तनाव या संवेदनशील घटनाओं के दौरान इन हैंडल्स की अचानक बढ़ी सक्रियता इस नेटवर्क के इरादों को और स्पष्ट करती है, जो भारत में भ्रम और अविश्वास पैदा करना चाहते हैं।