Muslims in Japan

फैक्ट चेकः जापान में मुस्लिमों के दफनाने पर प्रतिबंध नहीं लगा, भ्रामक दावा वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर यह दावा किया जा रहा है कि जापान में मुस्लिमों के दफनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जापान की महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने प्रतिबंध का आदेश जारी किया है। इस आदेश के बाद अब मुस्लिमों को दफनाने के लिए अपने देश में वापस जाना होगा।

फेसबुक पर चंबल डायरी नामक यूजर ने लिखा, ‘जापान में मुस्लिमों के दफ़नाने पर प्रतिबंध जापान की महिला प्रधानमंत्री का आदेश… जहां से आए हो, वहीं जा कर दफ़नाओ’

लिंक

वहीं राज चड्ढा नामक एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘जापान में मुस्लिमों के दफ़नाने पर प्रतिबंध जहां से आए हो, वहीं जा कर दफ़नाओ! महिला प्रधान मंत्री का आदेश’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जापान में प्रधानमंत्री साने ताकाइची द्वारा मुस्लिमों के दफनाने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बारे में गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। लेकिन हमें किसी विश्वसनीय मीडिया संस्थान द्वारा प्रकाशित ऐसी कोई न्यूज नहीं मिली। इसके बाद हमारी टीम ने ज्यादा जानकारी के लिए जापान के मीडिया संस्थानों को देखा। हमें यहां एक खबर मिलीं, जिसमें जापान के स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्री केनिचिरो उएनो का एक बयान मिला, जिसमें उन्होंने कहा कि “दफ़नाने पर प्रतिबंध लगाने पर कोई विचार नहीं है”।

गूगल ट्रांसलेट की मदद से ट्रांसलेटेड स्क्रीनशॉट (लिंक)

दरअसल यह पूरा मामला दक्षिणपंथी जापानी सांसद मिजुहो उमेमुरा द्वारा चर्चा में लाया गया। मिजुहो उमेमुरा ने सवाल उठाया कि जापान में उच्च आर्द्रता और छोटा भू-भाग है। आपदाएँ अधिक गंभीर और लगातार होती जा रही हैं। यदि दफ़नाने वाले कब्रिस्तानों की संख्या और बढ़ गई, तो किसी बड़ी आपदा की स्थिति में शवों के अवशेष खुले में आ सकते हैं। जापान में शव-संरक्षण तकनीशियन ज़्यादा नहीं हैं, लेकिन जैसे-जैसे दफ़नाने का चलन बढ़ता जाएगा, शव-संरक्षण ज़रूरी हो जाएगा। हमें तकनीशियनों की संख्या बढ़ानी होगी। जापान के पर्यावरण में हो रहे बदलावों को देखते हुए, जन ​​स्वास्थ्य कारणों से दफ़नाने के और भी कड़े नियम ज़रूरी हैं।

मिजुहो उमेमुरा के सवालों पर मंत्री उएनो ने इस विचार का खंडन करते हुए कहा, “मेरा मानना ​​है कि प्रत्येक स्थानीय सरकार अपने क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर आवश्यक नियमों को लागू करेगी। हम फ़िलहाल दफ़न करने पर प्रतिबंध लगाने पर विचार नहीं कर रहे हैं। स्थिति बदलने पर हम इस पर विचार कर सकते हैं, लेकिन फ़िलहाल, यह वैसा ही है जैसा मैंने कहा है।”

दोनों के बीच इस चर्चा की कवरेज याहू जापान पर अन्य मीडिया संस्थानों ने भी की है।

गूगल ट्रांसलेट की मदद से ट्रांसलेटेड स्क्रीनशॉट (लिंक)

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि जापान में प्रधानमंत्री साने ताकाइची द्वारा मुस्लिमों के दफनाने पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।