श्रीलंका में दितवाह साइक्लोन (ditwah cyclone) ने भारी तबाही मचाई है। इस साइक्लोन की वजह से 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर भयंकर बाढ़ का वीडियो श्रीलंका का बताकर शेयर किया जा रहा है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘CycloneDitwah का क्रेज़ी फुटेज: पूरे द्वीप पर बचाव कार्य के बीच, श्रीलंका में मरने वालों की संख्या बढ़कर 212 हो गई है।’

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘श्रीलंका को सपोर्ट करने का समय आ गया है! श्रीलंका में भयानक बाढ़ आई है। मरने वालों की संख्या 200 के पार हो गई है। सरकार ने इमरजेंसी घोषित कर दी है। कृपया श्रीलंका को किसी भी तरह से सपोर्ट करें – इमरजेंसी मदद से या किसी और तरह से!’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो श्रीलंका का नहीं है। यह वीडियो इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा का है, जहां बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। इस वीडियो को इंडोनेशिया के मीडिया संस्थान TVRI ने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया है। इस वीडियो के साथ जानकारी दी गई है, ‘नॉर्थ सुमात्रा में बाढ़, गिरे हुए पेड़ और लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। नॉर्थ सुमात्रा रीजनल पुलिस के जारी किए गए डेटा के मुताबिक, 11 रीजेंसी/शहरों में 86 हाइड्रोमेटोरोलॉजिकल आपदाएं दर्ज की गईं, जिससे दर्जनों मौतें हुईं। खराब मौसम की वजह से चार रीजेंसी: सिबोल्गा, नॉर्थ तपनौली, सेंट्रल तपनौली और साउथ तपनौली में आपदाएं आई हैं। इन आपदाओं की वजह से लगभग 2,000 लोग बेघर हो गए हैं।‘
वहीं द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट देखा जा सकता है। द ट्रिब्यून ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर मूसलाधार बारिश से आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य किया गया है। बचावकर्मियों ने और शव बरामद किए। वहीं RT ने भी इस वीडियो को इंडोनेशिया बताते हुए पोस्ट किया है।

निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो श्रीलंका का नहीं है। यह वीडियो इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा में भारी बारिश और भूस्खलन का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

