सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक से कांग्रेस सांसद आदित्य की यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल के आरोप में जनता ने पिटाई की है। यूजर्स एक वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ लोगों द्वारा एक शख्स को घेरकर अपशब्द कहे जा रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर कर मनोज श्रीवास्तव नामक यूजर ने लिखा, ‘महाराष्ट्र के आदित्य ठाकरे+दिशा का केस खुलने से पहले कर्नाटक के आदित्य फस गये, इसको यौन-ब्लैकमेल करने के आरोप में जनता ने जमकर पीटा. क्या आपने यह खबर #डी मीडिया में देखी, ज़ाहिर है-नहीं, क्योंकि यह युवा नेता कर्नाटक से कांग्रेस सांसद आदित्य हैं।’

एक अन्य यूजर ने भी इसी दावे के साथ पोस्ट शेयर किया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच में पाया कि कर्नाटक में आदित्य नाम का कोई कांग्रेस सांसद नहीं है। हमने sansad.in की वेबसाइट पर कर्नाटक से कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की लिस्ट देखी। कर्नाटक से कांग्रेस के कुल 9 लोकसभा सांसद हैं, लेकिन इनमें कोई भी सांसद आदित्य नाम का नहीं है।

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने कांग्रेस के कर्नाटक से राज्यसभा सांसदों की भी लिस्ट देखी। कर्नाटक से कांग्रेस के कुल 5 राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन इनमें भी कोई आदित्य नाम का सांसद नहीं है।

अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के बारे में सर्च किया। हमें The Siasat Daily का इस वीडियो के साथ ट्विट मिला, जिसमें बताया गया है कि 28 अक्टूबर को कर्नाटक के चिकमंगलूर में एक कांग्रेस नेता को एक महिला को सेक्शुअली हैरेस करने और उसकी तस्वीरें फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद हमें इस घटना के संदर्भ में एनडीटीवी की भी एक रिपोर्ट मिली, जिसमें पुलिस के हवाले से बताया गया है कि चिकमंगलूर शहर के अल्दुर होबली के पूर्व युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष आदित्य को सहित महिलाओं को कथित रूप से अनुचित संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एक महिला की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। महिला ने आरोप लगाया कि आदित्य से फ़ोन पर दोस्ती होने के बाद से ही उसका यौन उत्पीड़न शुरू हो गया था।

निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि कर्नाटक में आदित्य नाम का कोई कांग्रेस सांसद नहीं है। दरअसल महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक कांग्रेस नेता आदित्य को गिरफ्तार किया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

