Vladimir Putin

फैक्ट चेकः रूसी राष्ट्रगान पर पुतिन के खड़े होने का पुराना वीडियो भारत का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check Featured Misleading

सोशल मीडिया पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पुतिन मंच की ओर बढ़ रहे होते हैं कि तभी भारतीय राष्ट्रगान की धुन बजने लगती है। राष्ट्रगान की गरिमा का सम्मान करते हुए पुतिन तुरंत रुक जाते हैं और गंभीर मुद्रा में खड़े हो जाते हैं। पुतिन को ऐसा करते देख वहां मौजूद अन्य लोग भी राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े हो जाते हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए दिलीप कुमार सिंह नामक यूजर ने लिखा, ‘भारत में विपक्षी नेता अपने राष्ट्रगान को इतना सम्मान नहीं देते! पुतिन ने जैसे ही राष्ट्रगान सुना खड़े होगए, उन्हें खड़ा होते देखकर उपस्थित जनसमुदाय भी खड़ा हो गया! ये है मित्र की पहचान!!’

लिंक

वहीं इस वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ अन्य यूजर्स द्वारा भी शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच के लिए वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो साल 2012 में कई यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि भारतीय राष्ट्रगान की धुन नहीं बल्कि रूसी राष्ट्रगान की धुन बजती है, जिसके सम्मान में पुतिन खड़े हुए थे।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक में पाया गया कि यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है। यह वीडियो साल 2012 में कई यूट्यूब चैनलों पर अपलोड हुआ था। दरअसल, इसमें भारतीय नहीं बल्कि रूसी राष्ट्रगान बज रहा था, जिसके सम्मान में पुतिन खड़े हुए थे। इसलिए सोशल मीडिया यूजर्स का दावा भ्रामक है।