भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया है। पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद पिछले कई दिनों से दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा था। दोनों देशों की तरफ से ड्रोन और मिसाइल से हमले भी किए गए थे। इस बीच सोशल मीडिया पर CNN न्यूज के हवाले से एक इंफोग्राफिक शेयर किया जा रहा है, जिसमें भारत को ज्यादा नुकसान होने का आंकड़ा दिया गया है।
इस इंफोग्राफिक में संघर्ष के दौरान भारत और पाकिस्तान को हुए सैन्य नुकसान होने का आंकड़ा दिया गया है। इस इंफोग्राफिक को पाकिस्तानी यूजर्स द्वारा जमकर शेयर किया जा रहा है। Malik Naseer Awan नामक यूजर ने इस इंफोग्राफिक को शेयर करते हुए लिखा, ‘पाकिस्तान ने तबाह किया दुश्मन, देखें CNN के आंकड़े’ (हिन्दी अनुवाद)

इस इंफोग्राफिक को कई अन्य यूजर्स ने भी शेयर किया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल इंफोग्राफिक की जांच के लिए सबसे पहले सीएनएन के सोशल मीडिया एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल्स CNN और CNN International, इंस्टाग्राम हैंडल CNN और फेसबुक पेज को देखा। हमें यहां वायरल इंफोग्राफिक नहीं मिला। इसके बाद हमारी टीम ने वायरल इंफोग्राफिक पर दिए गए टैक्स्ट ‘India-Pakistan Conflict Statistics’ को गूगल पर सर्च किया। लेकिन यहां भी कोई स्टैटिक्स नहीं मिला।
इसके बाद हमारी टीम ने आगे की जांच के लिए सीएनएन के वेबसाइट पर इंडिया सेक्शन पर पोस्ट की गई खबरों को देखा, हमें यहां पोस्ट की गई खबरों में भी इस प्रकार की कोई न्यूज या फिर स्टैटिक्स नहीं मिला।

वहीं भारत और पाकिस्तान की तरफ से नुकसान के बारे में आधिकारिक रुप से कुछ नहीं बताया गया है। टीवी-9 हिन्दी की एक रिपोर्ट में एयर मार्शल एके भारती के हवाले से यह लिखा गया है, ‘विदेशी मीडिया में भारतीय लड़ाकू विमानों के नुकसान की रिपोर्टों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हम युद्ध की स्थिति में हैं और नुकसान युद्ध का हिस्सा है. मैं केवल इतना कह सकता हूं कि हमने अपने चुने हुए टारगेट को हासिल कर लिया है और हमारे सभी पायलट घर वापस आ गए हैं’

वहीं बीबीसी की रिपोर्ट में उल्लेखित किया गया है कि पाकिस्तान ने एक फाइटर जेट के नुकसान को स्वीकार किया है। इसके अलावा इस रिपोर्ट में भी दोनों सेनाओं ने ज्यादा नुकसान की बात को स्वीकार नहीं किया है और ना ही कोई आंकड़ा जारी किया है।

निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल इंफोग्राफिक फेक है। सीएनएन की तरफ से ऐसा कोई इंफोग्राफिक नहीं दिया गया है। वहीं भारत और पाकिस्तान की सेनाओं की तरफ से आधिकारिक रुप से नुकसान का कोई आंकड़ा नहीं दिया गया है।