फैक्ट चेक: क्रॉप्ड वीडियो शेयर कर अरविंद केजरीवाल का राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाने का भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रांची में 28 नवंबर 2024 को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, AAP नेता अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत I.N.D.I.A गठबंधन के कई विपक्षी नेता शामिल हुए।

इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि शपथ ग्रहण में अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया। एक यूजर ने लिखा, “केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया। इसका मतलब साफ है कि AAP दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को महत्व देने के मूड में नहीं है”।

Link

फैक्ट चेक

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो क्रॉप्ड है। शपथ ग्रहण समारोह के पूरे वीडियो में देखा जा सकता है कि अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ मिलाया था। शपथ ग्रहण का पूरा वीडियो ‘द हिंदू’ सहित कई मीडिया संस्थानों के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। द हिंदू के चैनल पर अपलोड वीडियो के 5:19 मिनट पर देखा जा सकता है कि अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी हाथ मिला रहे हैं।

वहीं ‘दिल्ली तक’ के चैनल पर अरविंद केजरीवाल का राहुल गांधी से हाथ मिलाने का वीडियो अपलोड कर दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन के कयासों की खबर चलाई गई है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर क्रॉप्ड वीडियो शेयर किया गया है। शपथ ग्रहण के पूरे वीडियो में देखा जा सकता है कि अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ मिलाया था। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।