Vidyasagar Deoria

फैक्ट चेकः भतीजी की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले ‘विद्यासागर’ को ‘अकरम’ बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया है कि मोहम्मद अकरम नाम के शख्स ने अपनी नाबालिग भतीजी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर उसकी लाश को नदी में फेंक दिया। वीडियो में एक शख्स को नदी से बच्ची की लाश को बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘भयानक क्राइम अलर्ट। मोहम्मद अकरम ने अपने ही भाई की 9 साल की बेटी का रेप किया… फिर उसकी छोटी सी बॉडी को कचरे की तरह नदी में फेंक दिया। परिवार में एक हैवान। कोई इंसान एक मासूम बच्ची के साथ ऐसा कैसे कर सकता है? इस शैतान को अभी फांसी होनी चाहिए। बच्चों के रेपिस्ट और कातिलों के लिए कोई रहम नहीं! अगर आपको इंसाफ चाहिए तो शेयर करें।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

वहीं Hindutva Don नामक एक अन्य यूजर ने भी इस वीडियो को मोहम्मद अकरम का अपनी भतीजी की दुष्कर्म के हत्या किए जाने के दावे के साथ शेयर किया गया है। इस यूजर ने लिखा, ‘मोहम्मद अकरम ने अपने ही भाई की नौ साल की बेटी के साथ रेप किया और फिर उसे नदी में फेंक दिया।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह घटना उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की है। नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का नाम विद्यासागर है। पुलिस ने आरोपी विद्यासागर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हमारी टीम ने जांच के लिए सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस वीडियो के साथ एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला, जिसमें इस घटना को देवरिया जिले का बताया गया है, साथ ही आरोपी नाम विद्यासागर बताया गया है।

लिंक

इसके बाद हमारी टीम ने इस बारे में और ज्यादा जानकारी के लिए गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें दैनिक भास्कर की दो रिपोर्ट्स मिलीं। इन दोनों रिपोर्ट्स में आरोपी का नाम विद्यासागर बताया गया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बताया जा रहा है कि अभियुक्त विद्यासागर ने अपनी ही 7 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी। अभियुक्त की पत्नी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जैसा बच्ची के साथ हुआ है, वैसी ही सजा उनके पति को मिलनी चाहिए।’

लिंक- 1 और 2

वहीं आगे की जांच पर हमें देवरिया पुलिस के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से किया गया एक पोस्ट मिला, जिसमें एक न्यूज कटिंग शेयर की गई है। इस न्यूज कटिंग में आरोपी का नाम विद्यासागर लिखा हुआ है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि नाबालिग बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोपी विद्यासागर है, जिसे मोहम्मद अकरम बताकर भ्रामक किया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा गलत है।