Hindu and Muslim

फैक्ट चेकः मुस्लिम बिरयानी वाले का नाम पूछने आए कट्टर हिन्दू को भगाए जाने का वीडियो स्क्रिप्टेड है

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिरयानी वाले का नाम पूछने एक कट्टर हिन्दू आता हैं। तभी वहां खड़ा एक जागरूक शख्स उससे भिड़ जाता है और उससे बहस करने लगता है। बहस के बाद वह कट्टर हिन्दू वहां से चला जाता है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक फेसबुक यूजर ने लिखा, ‘कट्टर हिन्दू गया था, बिरयानी की दुकान पर नाम पूछने, जागरूक आदमी ने हालत खराब कर दिया’। इस पोस्ट को 6 हजार से ज्यादा लाइक्स किया गया है, जबकि 2 लाख 19 हजार व्यूज हैं।

लिंक

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर भी एक यूजर द्वारा पोस्ट किया गया है। जिसे यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम द्वारा वायरल वीडियो की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो किसी वास्तविक घटना को नहीं दर्शाता, बल्कि पूरी तरह स्क्रिप्टेड है। जांच के दौरान हमारी टीम को वीडियो का पूरा संस्करण प्राप्त हुआ। यह वीडियो 2 फरवरी को Janta News Online नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। वीडियो के पहले हिस्से में वही क्लिप दिखाई देती है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जबकि दूसरे हिस्से में वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति खुद यह बताता है कि यह वीडियो जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।

वहीं आगे की जांच में हमने पाया कि jantanewsonline के इंस्टाग्राम चैनल पर भी एक वीडियो पोस्ट कर जानकारी दी गई है कि स्क्रिप्टेड वीडियो में जो शख्स बिरयानी वाले का नाम पूछने आते हैं, उनका नाम युसुफ है। इस वीडियो में भी कंटेंट क्रिएटर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस वीडियो को जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया था।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर बिरयानी वाले से नाम पूछने आए कट्टर हिन्दू को भगाए जाने का वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड है, जिसे कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा बनाया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।