Home / Featured / नेहरू ने दी थी स्वतंत्र भारत की पहली इफ्तार पार्टी, पटेल ने किया था विरोध? जानें सच्चाई

नेहरू ने दी थी स्वतंत्र भारत की पहली इफ्तार पार्टी, पटेल ने किया था विरोध? जानें सच्चाई

सोशल मीडिया पर जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, भीमराव अंबेडकर और मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित कई भारतीय नेताओं की एक पुरानी तस्वीर शेयर की जा रही है। इस फोटो में नेताओं को एक डायनिंग टेबल पर बैठकर खाना खाते दे जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह फोटो आजाद भारत की पहली इफ्तार पार्टी की है, जिसे नेहरू द्वारा आयोजित किया गया था। यूजर्स ये भी दावा कर रहे हैं कि नेहरू की इफ्तार पार्टी का सरदार पटेल द्वारा विरोध किया गया था।

ट्विटर पर एक यूजर ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- “स्वतंत्र भारत में पहली इफ्तार पार्टी 1947 में जवाहर लाल नेहरू ने दी थी जिसमें उनका मंत्रीमंडल नजर आ रहा है, लेकिन सरदार पटेल ने इसका विरोध किया था कि यह गलत परंपरा शुरू करना देश के लिए खतरनाक है जबकि कुछ ही महीने पहले हमने होली, दिवाली पर किसी पार्टी का आयोजन नही किया था।”

Source: Twitter

फैक्ट चेकः

वायरल दावे की जांच के लिए DFRAC टीम ने तस्वीर को रिवर्स सर्च किया। हमें विकिमीडिया कॉमन्स पेज पर यह तस्वीर मिली। तस्वीर के संदर्भ में दी गई जानकारी के अनुसार यह जून 1948 की है। साथ ही यह भी बताया गया है कि सी. राजगोपालाचारी को भारत का पहला गवर्नर जनरल नियुक्त किए जाने के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने पीएम नेहरू, बीआर अंबेडकर, मौलाना अबुल कलाम और उनके अन्य कैबिनेट सहयोगियों को डिनर पर आमंत्रित किया था।

आगे की पड़ताल करने पर हमने पाया कि साल 1948 में ईद का त्योहार 7 अगस्त को मनाया गया था। कैलेंडर के मुताबिक 1948 में रमजान का महीना 8 जुलाई से शुरू हुआ था, लेकिन चूंकि ये फोटो 19 जून की है, इसलिए वायरल हो रही तस्वीर इफ्तार पार्टी की नहीं हो सकती है।

इसके अलावा हमारी जांच में यह भी सामने आया कि यह तस्वीर इससे पहले एक अलग दावे के साथ वायरल हुई थी, जिसका फैक्ट चेक DFRAC की टीम ने किया था।

निष्कर्ष:

वायरल तस्वीर नेहरू द्वारा आयोजित पहली इफ्तार पार्टी की नहीं है, बल्कि सरदार पटेल द्वारा सी. राजगोपालाचारी को भारत का पहला गवर्नर जनरल नियुक्त किए जाने के बाद आयोजित भोज का है। इसलिए सोशल मीडिया यूजर्स का दावा गलत है।

Tagged: